कन्नौज में रील बनाने के चक्कर में भीषण हादसा, कार के परखच्चे उड़े; दो दोस्तों की मौत

कन्नौज-तिर्वा मार्ग पर तेज रफ्तार कार बिजली के पोल से टकराने के बाद पेड़ में जा घुसी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

Knews Desk- उत्तर प्रदेश के कन्नौज में तेज रफ्तार कार से रील बनाने का शौक चार दोस्तों पर भारी पड़ गया। कन्नौज-तिर्वा मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर पहले बिजली के पोल से टकराई और फिर सड़क किनारे लगे पेड़ में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक अंदर फंस गए।

जानकारी के मुताबिक, हादसा सदर कोतवाली क्षेत्र के शेखाना मोहल्ले के रहने वाले युवकों के साथ हुआ। चारों दोस्त कार से कन्नौज से तिर्वा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। पहले वाहन बिजली के पोल से टकराया और इसके बाद सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ा।

दुर्घटना में शेखाना निवासी 16 वर्षीय अमान खान और 18 वर्षीय अली खान की मौके पर ही मौत हो गई। कार में मौजूद दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि मृतक कार के अंदर बुरी तरह फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम को कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। कार के क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर दोनों युवकों के शव बाहर निकाले गए। रेस्क्यू के दौरान टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवा दिया है। वहीं, घायल युवकों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की खबर मिलने के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में कार की तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। घटना एक बार फिर तेज रफ्तार वाहन चलाने और सड़क पर मोबाइल से रील बनाने जैसे जोखिम भरे व्यवहार के गंभीर परिणामों की ओर ध्यान खींचती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *