हाथरस: विवाहिता पड़ोसन की हत्या के बाद पड़ोसी युवक ने लगाई फांसी, मासूम बच्ची शव के पास बैठी रोती रही

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के नगला भूरा गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक ने कथित तौर पर अपनी शादीशुदा पड़ोसन की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दोहरे कांड के बाद पूरे इलाके में दहशत और हड़कंप का माहौल है।

शाम को पति घर लौटा, तो सामने था खौफनाक मंजर

नगला भूरा गांव के रहने वाले विपिन की शादी करीब चार साल पहले पुरदिलनगर की प्रियंका से हुई थी। दोनों की ढाई साल की एक मासूम बेटी है, जिसका नाम कशिश है। विपिन रोज की तरह गुरुवार सुबह मजदूरी करने घर से निकला था। शाम को जब वह काम से वापस लौटा और घर का दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई। काफी देर तक दरवाजा पीटने के बाद जब कोई हलचल नहीं हुई, तो विपिन किसी तरह घर के अंदर दाखिल हुआ। अंदर का नजारा देखते ही उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।

माँ के शव के पास रो रही थी ढाई साल की मासूम

घर के आंगन में प्रियंका (पत्नी) का लहूलुहान शव पड़ा हुआ था और उसके पास बैठी उनकी ढाई साल की मासूम बेटी कशिश रो रही थी। बदहवास विपिन जब आगे कमरे की तरफ बढ़ा, तो वहाँ उनके पड़ोस में रहने वाले 25 वर्षीय युवक प्रकाश का शव फंदे से लटकता मिला। विपिन की चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

अकेलेपन और अनसुलझे कारणों के बीच उलझी गुत्थी

ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी प्रकाश अविवाहित था और घर में अकेला रहता था। उसके माता-पिता और भाइयों की पहले ही मौत हो चुकी है। वह एक ईंट-भट्ठे पर काम करता था। शुरुआती जांच और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस का अनुमान है कि प्रकाश ने पहले प्रियंका की हत्या की और फिर कमरे में जाकर खुद फांसी लगा ली। हालांकि, इस खौफनाक कदम के पीछे की असली वजह क्या थी, यह अभी साफ नहीं हो पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *