मां का मिला पूरा साथ, लड़कियों के कपड़े और मेकअप थे पसंद… जेंडर पर बेबाकी से बोलते थे मैड संधू

अमृतसर में मेकअप आर्टिस्ट और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। करीब 2 लाख इंस्टाग्राम फॉलोअर्स वाले मैड संधू अपनी अलग पहचान, फैशन और मेकअप कंटेंट के लिए जाने जाते थे।

Knews Desk– पंजाब के अमृतसर में शनिवार को मेकअप आर्टिस्ट और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद गोल्डी ढिल्लों के नाम से एक पोस्ट सामने आई, जिसमें मैड संधू की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। मैड संधू की उम्र करीब 30 साल थी। वह अपनी पहचान और निजी जिंदगी को लेकर खुलकर बात करते थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मैड संधू ने कई इंटरव्यू में बताया था कि रूढ़ीवादी माहौल में अपनी पहचान के साथ जिंदगी जीना उनके लिए आसान नहीं था। वह समलैंगिक थे और इसी वजह से उन्हें लगातार ट्रोलिंग और विरोध का सामना करना पड़ा। साल 2021 में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा था कि वह नकारात्मक कमेंट्स को नजरअंदाज करने की कोशिश करते थे।

मैड संधू ने बताया था कि सिख परिवार में बड़े होते हुए कई बार उन्हें ऐसा महसूस होता था कि वह दोहरी जिंदगी जी रहे हैं। एक तरफ समाज की अपेक्षाओं के मुताबिक जीवन जीने का दबाव था, वहीं दूसरी तरफ वह अपनी पहचान को लेकर खुद के भीतर संघर्ष कर रहे थे।

मैड संधू पंजाबी पॉडकास्ट और कार्यक्रमों में मेकअप, फिल्मों और जेंडर जैसे विषयों पर बेबाकी से अपनी राय रखते थे। एक कार्यक्रम में जब उनसे उनके बॉयफ्रेंड को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट कहा था कि उनकी निजी जिंदगी में दखल देने का अधिकार किसी को नहीं है। सवाल दोहराए जाने के बाद वह कार्यक्रम छोड़कर चले गए थे।

बचपन के दिनों को याद करते हुए मैड संधू ने बताया था कि उन्हें अपनी मां से काफी सहयोग मिला। उन्होंने कहा था कि उन्हें लड़कियों की तरह कपड़े पहनना, मेकअप करना और फैशन मैगजीन पढ़ना पसंद था। परिवार ने उनकी रुचियों को समझने की कोशिश की और उन्हें आगे पढ़ने में भी मदद की।

मैड संधू के खिलाफ समलैंगिकता को लेकर सोशल मीडिया पर कई पोस्ट और वीडियो भी बनाए गए थे, जिनमें से कुछ काफी आपत्तिजनक थे। इसके बावजूद उन्होंने अपनी पहचान और पसंद को लेकर सार्वजनिक रूप से बात करना जारी रखा।

मैड संधू ने कुछ पंजाबी फिल्मों में भी काम किया था। अमृतसर में उनका अपना सैलून भी था। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी पकड़ थी और इंस्टाग्राम पर उनके दो लाख से अधिक फॉलोअर्स थे। मेकअप, फैशन और अपनी पहचान से जुड़े कंटेंट के चलते वह सोशल मीडिया पर काफी चर्चित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *