शराब के नशे में बेटे ने मां को उतारा मौत के घाट, पैसों को लेकर हुआ था विवाद

छतरपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां शराब के नशे में एक युवक ने पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद अपनी मां पर कथित तौर पर पत्थर और फुकनी से हमला कर दिया. गंभीर चोटों के चलते महिला की मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है.

Knews Desk- मध्य प्रदेश के छतरपुर में रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, झार सिंह नाम के युवक ने शराब के नशे में अपनी मां से पैसे मांगे थे. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया.

आरोप है कि झार सिंह ने गुस्से में अपनी मां पर पत्थर और फुकनी से हमला कर दिया. उसने महिला के सिर, हाथ और पैर पर कई वार किए. गंभीर रूप से घायल महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची. वहां महिला मृत अवस्था में मिली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इसके बाद परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई.

जांच के दौरान पुलिस को मां-बेटे के बीच हुए विवाद और आरोपी की भूमिका से जुड़े साक्ष्य मिले. पुलिस ने आरोपी झार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है.

पैसे मांगने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा था और अपनी मां से पैसे मांग रहा था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई. पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपनी मां पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि मामले में जांच जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *