केतन अग्रवाल हत्याकांड पर विवादित टिप्पणी करने वाली डॉ. मुस्कान सोनी 5 साल के लिए सस्पेंड

Knews Desk- महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर की गई एक आपत्तिजनक टिप्पणी ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। मामले में डेंटिस्ट डॉ. मुस्कान सोनी को ऑल इंडिया डेंटल स्टूडेंट्स एंड सर्जन्स एसोसिएशन (AIDSA) ने कड़ा कदम उठाते हुए 5 साल के लिए सस्पेंड कर दिया है। संगठन ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए तत्काल प्रभाव से उनकी सदस्यता और सभी अधिकारों को निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, डॉ. मुस्कान सोनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर केतन अग्रवाल की हत्या को लेकर एक विवादित और आपत्तिजनक स्टोरी पोस्ट की थी। इस पोस्ट में उन्होंने घटना पर संवेदनहीन टिप्पणी करते हुए कथित रूप से हंसने वाले इमोजी का इस्तेमाल किया और लिखा था कि “ऐसे झूठ बोलोगे तो मरोगे ही।” इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर भारी आक्रोश फैल गया और लोगों ने डॉक्टर के व्यवहार पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।

मामला बढ़ने के बाद ऑल इंडिया डेंटल स्टूडेंट्स एंड सर्जन्स एसोसिएशन ने इस पर त्वरित कार्रवाई की। संगठन ने कहा कि एक जिम्मेदार पेशे से जुड़े व्यक्ति द्वारा किसी हत्या जैसे गंभीर मामले पर इस तरह की टिप्पणी न केवल अनुशासनहीनता है, बल्कि यह पेशे की गरिमा और नैतिक मूल्यों के भी खिलाफ है। इसके बाद संगठन ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए डॉ. मुस्कान सोनी को 5 वर्षों के लिए निलंबित कर दिया।

एसोसिएशन के आदेश के मुताबिक, निलंबन अवधि के दौरान डॉ. मुस्कान किसी भी पद, समिति या संगठन की गतिविधियों में भाग नहीं ले सकेंगी। साथ ही उन्हें किसी भी प्रकार की आधिकारिक बैठक, सेमिनार या चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लेने की अनुमति भी नहीं होगी। संगठन ने यह भी कहा कि यह निर्णय समाज को स्पष्ट संदेश देने के लिए लिया गया है कि सार्वजनिक मंचों पर इस तरह की असंवेदनशील टिप्पणियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उधर, केतन अग्रवाल हत्याकांड पहले से ही सुर्खियों में है। पुलिस जांच के अनुसार, यह मामला एक सोची-समझी साजिश का परिणाम है। मृतक केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप है। जांच में सामने आया है कि दोनों ने केतन को लोहागढ़ किले पर बुलाकर उसे खाई में धक्का दिया, ताकि इसे दुर्घटना का रूप दिया जा सके।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में इसे हादसा दिखाने की कोशिश की गई थी, लेकिन तकनीकी साक्ष्य, कॉल रिकॉर्ड और गवाहों के बयानों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि यह एक सुनियोजित हत्या थी। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने इससे पहले भी एक बार इसी स्थान पर केतन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी, लेकिन तब वे सफल नहीं हो पाए थे।

फिलहाल, दोनों मुख्य आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस मामले में अन्य संभावित सहयोगियों और राजस्थान कनेक्शन की भी जांच कर रही है। इस बीच, सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी के बाद उठे विवाद ने मामले को और भी संवेदनशील बना दिया है, जिससे यह केस लगातार चर्चा में बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *