Knews Desk- कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र में शराब पीने के दौरान पैग के आकार को लेकर मामा और भांजे के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि गुस्साए भांजे ने पास में रखे तवे से मामा के सिर, गर्दन और चेहरे पर कई वार कर दिए। हमले में मामा गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे एक किशोर के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना जाजमऊ थाना क्षेत्र के पोखरपुर इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद फिरोज अपने भांजे और दो अन्य लोगों के साथ काम खत्म होने के बाद शराब पी रहे थे। इसी दौरान छोटा पैग बनाने की बात को लेकर मामा-भांजे के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख साथ मौजूद दोनों अन्य लोग वहां से चले गए।
आरोप है कि बहस के दौरान भांजा आपा खो बैठा और पास में रखा तवा उठाकर फिरोज पर हमला कर दिया। उसने फिरोज के सिर, गर्दन और चेहरे पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बीच-बचाव करने आए किशोर से भी मारपीट
झगड़ा देखकर वहां मौजूद करीब 12 वर्षीय किशोर दोनों को अलग कराने पहुंचा। आरोप है कि हमलावर ने किशोर को भी पकड़ लिया और उसका सिर दीवार से टकरा दिया। इससे किशोर भी घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से भाग चुका था।
सूचना मिलने के बाद जाजमऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए कांशीराम अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तलाश की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
जाजमऊ थाना प्रभारी संजय पांडेय के अनुसार, मामले की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।