कार लोन के लिए पिता से भिड़ी बेटी, गेट तोड़कर घर में घुसी और तानी पिस्टल; CCTV में कैद वारदात

Knews Desk- उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। साहिबाबाद थाना क्षेत्र की वृंदावन गार्डन कॉलोनी में कार लोन के वेरिफिकेशन को लेकर एक युवती का अपने पिता से विवाद हो गया। आरोप है कि युवती ने पहले पिता और भाभी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, फिर कुछ देर बाद दोबारा घर पहुंचकर मुख्य गेट तोड़ दिया। घर में दाखिल होने के बाद उसने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर पिता और भाभी पर तान दी और गोली मारने की धमकी दी। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।

पीड़ित पिता हितेश तोमर के मुताबिक, उनकी बेटी प्रियंका तोमर करीब ढाई साल पहले अपनी मर्जी से घर छोड़कर अलग रहने लगी थी। 8 सितंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे प्रियंका अपनी एक सहेली के साथ अचानक घर पहुंची। उसने पिता से कार लोन के वेरिफिकेशन में सहयोग करने और दस्तावेजों की जांच कराने को कहा।

हितेश तोमर ने जब वेरिफिकेशन करने से इनकार कर दिया, तो आरोप है कि प्रियंका नाराज हो गई और पिता के साथ गाली-गलौज करने लगी। घर में मौजूद भाभी ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उनके साथ भी कथित तौर पर हाथापाई की गई। विवाद बढ़ने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद युवती अपनी सहेली के साथ वहां से चली गई।

25 मिनट बाद लौटकर तोड़ा घर का गेट

परिवार को लगा कि विवाद खत्म हो गया है, लेकिन करीब 25 मिनट बाद प्रियंका अपनी सहेली के साथ फिर घर पहुंची। आरोप है कि इस बार उसने घर के मुख्य गेट को तोड़ दिया और जबरन अंदर घुस गई। घर में प्रवेश करते ही उसने कथित तौर पर पिस्टल निकाल ली और पिता तथा भाभी की ओर तान दी।

पिस्टल देखकर दोनों घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए भागकर पहली मंजिल पर चले गए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि युवती ने उन्हें गोली मारने की धमकी भी दी। CCTV फुटेज में युवती के हाथ में पिस्टल लहराने और घर में जबरन घुसने की घटना कैद होने की बात सामने आई है।

पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपियों की तलाश जारी

घटना के बाद हितेश तोमर ने साहिबाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 9 सितंबर 2026 को प्रियंका तोमर और उसकी सहेली के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है।

एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि CCTV फुटेज को जांच में शामिल किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *