Knews Desk –नई दिल्ली में ITO के पास दिनदहाड़े एक करोड़ रुपये की लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि स्कूटी सवार दो बदमाशों ने आउटर रिंग रोड पर एक ऑटो को रोककर उसमें सवार कारोबारी के स्टाफ को पिस्टल दिखाई और कैश से भरा बैग लेकर फरार हो गए. पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, कारोबारी का स्टाफ सोमवार शाम ऑटो से करीब तीन करोड़ रुपये की नकदी लेकर जा रहा था. इसी दौरान ITO के पास आउटर रिंग रोड पर स्कूटी सवार दो बदमाशों ने ऑटो को ओवरटेक किया और उसे रोक लिया. इसके बाद दोनों ने हथियार दिखाकर ऑटो में मौजूद लोगों को डराया और नकदी से भरा एक बैग छीन लिया.
बताया जा रहा है कि लूटे गए बैग में करीब एक करोड़ रुपये थे. हालांकि, पुलिस फिलहाल लूटी गई रकम और वारदात से जुड़े दूसरे तथ्यों की जांच कर रही है.
घटना के तुरंत बाद पीड़ित स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने ऑटो में मौजूद कर्मचारियों से भी पूछताछ की है.
जांच एजेंसियां अब इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि बदमाशों को इतनी बड़ी रकम के बारे में जानकारी कैसे मिली. पुलिस को आशंका है कि वारदात से पहले बदमाशों ने ऑटो की रेकी की हो सकती है या फिर उन्हें किसी अंदरूनी व्यक्ति से नकदी की जानकारी मिली हो.
मामले में दरियागंज थाने में FIR दर्ज की गई है. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि स्कूटी सवार आरोपियों की पहचान की जा सके. इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बदमाश किस रास्ते से भागे और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी किसके नाम पर है.
फिलहाल पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है. CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.