आयुष हत्याकांड: बेटे के हत्यारोपी के एनकाउंटर की मांग पर अड़ी मां, अंतिम संस्कार से किया इनकार

Knews Desk- नोएडा के सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के चौड़ा गांव में 14 वर्षीय आयुष शुक्ला की हत्या के मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है। इकलौते बेटे की मौत से गम में डूबी मां ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक मुख्य आरोपी असद का एनकाउंटर नहीं होता, तब तक वह बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेंगी।

परिवार के मुताबिक, आयुष को उसके परिचितों ने जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के बहाने घर से बुलाया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, आयुष को कुछ नाबालिग आरोपी पार्टी के बहाने अपने साथ ले गए थे। बाद में उसे पार्क की ओर ले जाया गया, जहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद शव को जंगल में फेंकने की बात सामने आई है।

आयुष की मां ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को बेरहमी से मार दिया गया। उन्होंने कहा कि परिवार की एक ही मांग है कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। मां का कहना है कि जब तक मुख्य आरोपी असद के खिलाफ उनकी मांग के मुताबिक कार्रवाई नहीं होती, वह अपने बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेंगी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आयुष और आरोपियों के बीच पहले से जान-पहचान थी। पुलिस के मुताबिक, असद ने ही आयुष को जन्मदिन की पार्टी में जाने के बहाने घर से बुलाया था। इसके बाद हत्या की घटना कैसे हुई, इसकी पूरी जानकारी जुटाने के लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद की आशंका

पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती जांच में पार्टी के दौरान हुए खर्च और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने इसे अभी हत्या की अंतिम वजह नहीं माना है।

नोएडा की एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की जानकारी मिली है। मामले में तीन नाबालिगों को पकड़ा गया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस परिवार से भी बातचीत कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *