गोरखपुर के पिपराइच में स्कूल बस से कुचलकर सात वर्षीय छात्र की मौत हो गई. बच्चा घर से स्कूल जाने के लिए निकला था. बस में बैठाने के दौरान वह वाहन की चपेट में आ गया. हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया.
Knews Desk- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में सात साल के बच्चे की जान चली गई. पिपराइच थाना क्षेत्र के नया बुजुर्ग गांव में स्कूल बस की चपेट में आने से छात्र हिमांशु की मौत हो गई. वह चिलबिला स्थित एसडी पब्लिक स्कूल में पढ़ता था.
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे स्कूल बस हिमांशु को लेने उसके घर पहुंची थी. परिजन बच्चे को बस में बैठाने के लिए दरवाजे तक लेकर आए थे. इसी दौरान वह अचानक बस की चपेट में आ गया. बस का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया, जिससे बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया.
हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई. परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में हिमांशु को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मासूम की मौत की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया. माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बस छोड़कर भागा चालक
घटना के बाद स्कूल बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया. सूचना मिलने पर पिपराइच पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और बस को कब्जे में ले लिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश कर रही है.
हादसे ने स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. बच्चों को बस में बैठाते समय निगरानी और वाहन संचालन में बरती जाने वाली सावधानी को लेकर परिजन चिंतित हैं. पुलिस हादसे के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है.