हरमनप्रीत कौर के बाद स्मृति मंधाना संभालेंगी कप्तानी? भारतीय महिला टीम में बदलाव के संकेत

हरमनप्रीत कौर के तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम के अगले कप्तान को लेकर चर्चा तेज हो गई है। उप-कप्तान स्मृति मंधाना इस रेस में सबसे आगे मानी जा रही हैं, हालांकि BCCI की ओर से अभी आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।

Knews Desk- भारतीय महिला क्रिकेट टीम में कप्तानी के स्तर पर बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। हरमनप्रीत कौर ने क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में भारतीय टीम की कप्तानी छोड़ दी है। ऐसे में अब उनकी जगह कौन टीम की कमान संभालेगा, इस सवाल के जवाब में स्मृति मंधाना का नाम सबसे आगे चल रहा है। उन्हें अगला कप्तान बनाए जाने का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम ने कई मुकाबलों में जीत हासिल की, लेकिन एक खिलाड़ी के तौर पर उनका प्रदर्शन लंबे समय से चर्चा में रहा है। 37 साल की हरमनप्रीत कौर की बल्लेबाजी का स्तर उनकी कप्तानी के मुकाबले कमजोर रहा, जिसके चलते उनकी कप्तानी को लेकर भी सवाल उठते रहे। इसी वजह से स्मृति मंधाना को कप्तानी सौंपने की मांग और चर्चा पहले से ही होती रही है।

गुवाहाटी की रिव्यू मीटिंग से मिले बड़े संकेत

गुवाहाटी में BCCI के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम की रिव्यू मीटिंग भी कप्तानी में संभावित बदलाव की ओर इशारा करती नजर आई। इस बैठक में टीम के कोच अमोल मजूमदार और कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ उप-कप्तान स्मृति मंधाना भी मौजूद थीं।

आमतौर पर टीम की रिव्यू मीटिंग में उप-कप्तान की मौजूदगी जरूरी नहीं होती। ऐसे में गुवाहाटी की बैठक में स्मृति मंधाना की मौजूदगी को काफी अहम माना जा रहा है। इससे संकेत मिल रहे हैं कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम में कप्तानी को लेकर बदलाव की तैयारी हो सकती है।

अभी आधिकारिक फैसला बाकी

हालांकि, स्मृति मंधाना को भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अगली कप्तान बनाए जाने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इसके बावजूद जिस तरह से घटनाक्रम सामने आए हैं, उससे उनके नाम को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

अगर BCCI स्मृति मंधाना को कप्तानी सौंपता है, तो यह भारतीय महिला क्रिकेट टीम में एक नए दौर की शुरुआत होगी। फिलहाल सभी की निगाहें BCCI के आधिकारिक फैसले पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *