KNEWS DESK- विराट कोहली ने IPL 2026 में शानदार वापसी करते हुए आलोचकों को करारा जवाब दिया है। लगातार दो मैचों में शून्य पर आउट होने के बाद विराट ने रायपुर में ऐसा तूफान मचाया कि कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। उनके नाबाद शतक के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने KKR को 6 विकेट से हराकर अहम जीत दर्ज की।
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए IPL 2026 के 57वें मुकाबले में विराट कोहली ने 60 गेंदों पर नाबाद 105 रन बनाए। उनकी इस शानदार पारी में 11 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। विराट ने सिर्फ 58 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मैचों के खिलाड़ी क्यों कहलाते हैं। यह विराट कोहली के IPL करियर का 9वां शतक था, जबकि इस सीजन में उनका पहला शतक रहा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए KKR ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए। टीम की ओर से अंगकृष रघुवंशी ने 46 गेंदों पर शानदार 71 रन बनाए। वहीं Rinku Singh ने 29 गेंदों पर नाबाद 49 रन की तेज पारी खेली।
कैमरन ग्रीन ने 32 रन का योगदान दिया, जबकि अजिंक्य रहाणे और फिन ऐलन ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। RCB की तरफ से भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और रसिख सलाम ने एक-एक विकेट हासिल किया।
193 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB की शुरुआत अच्छी नहीं रही और जैकब बेथेल जल्दी आउट हो गए। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच शानदार साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख बदल दिया।
देवदत्त पडिक्कल ने 39 रन बनाए, जबकि कप्तान रजत पाटीदार 11 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि विराट एक छोर पर मजबूती से डटे रहे और टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया। आखिर में जितेश शर्मा ने 5 गेंदों पर 8 रन बनाकर मैच खत्म किया।
यह मुकाबला विराट कोहली के लिए बेहद खास साबित हुआ। इस मैच के साथ वह IPL इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए। इसके अलावा उन्होंने टी20 क्रिकेट में 14000 रन पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बनने का भी रिकॉर्ड अपने नाम किया।
लगातार दो डक के बाद इस तरह की विस्फोटक पारी खेलकर विराट ने दिखा दिया कि फॉर्म अस्थायी होती है, लेकिन क्लास हमेशा कायम रहती है।