KNEWS DESK – विराट कोहली ने ICC वर्ल्ड कप 2027 में अपने भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज ने साफ कहा है कि वह 2027 वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए उनकी एक अहम शर्त है।
“अगर अहमियत मिली तो जरूर खेलूंगा”
विराट कोहली ने अपनी IPL टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान कहा कि अगर टीम में उन्हें सही भूमिका और सम्मान मिलता है, तो वह 2027 वर्ल्ड कप खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि अगर उन्हें अपनी अहमियत साबित करने की स्थिति में रखा गया, तो वह उस माहौल का हिस्सा नहीं बनना चाहेंगे।
“मैं खेल के लिए पूरी ईमानदारी से मेहनत करता हूं”
37 वर्षीय विराट कोहली ने कहा कि वह आज भी उतनी ही मेहनत करते हैं जितनी अपने करियर के शुरुआती दिनों में करते थे।
उन्होंने कहा कि जब भी मैदान पर उतरते हैं, तो हर गेंद को अपने करियर की आखिरी गेंद की तरह खेलते हैं और टीम के लिए अपना 100 प्रतिशत देने की कोशिश करते हैं।
ODI क्रिकेट में अभी भी जारी है सफर
पिछले दो वर्षों में विराट कोहली T20I और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन अभी भी वह भारत के लिए वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं।
उन्होंने साफ किया कि वह भारत के लिए वर्ल्ड कप खेलना जारी रखना चाहते हैं और इसके लिए खुद को लगातार फिट और तैयार भी रख रहे हैं।
“मैं भगवान का शुक्रगुजार हूं”
बातचीत के दौरान विराट कोहली भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि क्रिकेट ने उन्हें जिंदगी में बहुत कुछ दिया है और वह खुद को बेहद खुशकिस्मत मानते हैं। उनके मुताबिक, वह आज भी खेल के प्रति वही जुनून रखते हैं और टीम के लिए किसी भी रोल में खुद को ढालने को तैयार हैं।