KNEWS DESK- भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। महज 15 साल की उम्र में उन्हें भारतीय टी20 टीम में जगह मिल गई है। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के साथ-साथ एशियन गेम्स के लिए घोषित भारतीय टीम में वैभव का चयन किया गया है। इसके साथ ही वह भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं।
आईपीएल में अपने आक्रामक बल्लेबाजी प्रदर्शन से सुर्खियां बटोरने वाले वैभव को लेकर क्रिकेट जगत में काफी समय से चर्चा थी। आखिरकार चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मौका दिया है। हालांकि, टीम चयन के बाद एक सवाल यह भी उठा कि क्या वैभव जल्द टेस्ट क्रिकेट में भी दिखाई देंगे?
टीम चयन के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चयनकर्ता Ajit Agarkar से वैभव के टेस्ट भविष्य को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने साफ कहा कि फिलहाल युवा बल्लेबाज को उसी प्रारूप में मौका दिया गया है, जिसमें उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है।
अगरकर ने कहा कि वैभव अभी अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत कर रहे हैं और उन्हें रेड-बॉल क्रिकेट में खुद को और साबित करने का समय देना चाहिए। उन्होंने संकेत दिया कि घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रदर्शन के बाद ही टेस्ट क्रिकेट को लेकर कोई फैसला लिया जाएगा।
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा था। कम उम्र में बड़े-बड़े गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ बल्लेबाजी ने उन्हें क्रिकेट विशेषज्ञों और चयनकर्ताओं की नजर में ला दिया।
उनकी प्रतिभा का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने सचिन तेंदुलकर का वह रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया, जिसमें सचिन 16 वर्ष की उम्र में पहली बार भारतीय टीम में चुने गए थे।
हालांकि वैभव को मुख्य रूप से टी20 क्रिकेट के प्रदर्शन के आधार पर टीम में जगह मिली है, लेकिन रेड-बॉल क्रिकेट में भी उन्होंने अपनी क्षमता दिखाई है। 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंडर-19 टेस्ट मुकाबले में उन्होंने शानदार शतक जड़ा था।
रणजी ट्रॉफी में उनका अनुभव अभी सीमित है। उन्होंने अब तक आठ प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं, जिनमें 207 रन बनाए हैं। बावजूद इसके, उनकी सकारात्मक बल्लेबाजी शैली और तेज रन बनाने की क्षमता ने क्रिकेट विशेषज्ञों का ध्यान आकर्षित किया है।
अब क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इस बात पर टिकी होंगी कि वैभव सूर्यवंशी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने पहले अवसर को किस तरह भुनाते हैं और क्या भविष्य में वह भारतीय टेस्ट टीम का भी हिस्सा बन पाते हैं।