KNEWS DESK- टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपनी नई शर्तें रखी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान पहले इस मैच से दूर रहने का रुख अपना चुका था, लेकिन अब वह कुछ शर्तों के साथ मैच खेलने के लिए तैयार है।
8 फरवरी को लाहौर में ICC, PCB और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की बैठक हुई, जिसमें भारत-पाकिस्तान मैच प्रमुख विषय रहा। बैठक के बाद सामने आया कि पाकिस्तान ने ICC को तीन शर्तें पेश की हैं। PCB प्रमुख मोहसिन नकवी की अगुवाई वाली टीम ने पहली शर्त में ICC से अधिक रेवेन्यू शेयर की मांग की है। दूसरी शर्त के तहत पाकिस्तान चाहता है कि भारत के साथ द्विपक्षीय (बाइलेट्रल) क्रिकेट संबंध फिर से शुरू किए जाएं। तीसरी शर्त में कहा गया है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम और पाकिस्तानी खिलाड़ी मैदान पर हाथ मिलाकर एक दूसरे का अभिवादन करें।
विश्लेषकों का कहना है कि पहली शर्त को मानना आसान हो सकता है क्योंकि वह ICC से जुड़ी है। लेकिन दूसरी और तीसरी शर्त राजनीतिक और सुरक्षा दृष्टिकोन से जटिल हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी बाइलेट्रल सीरीज 2012 में खेली गई थी, और हालिया आतंकवादी घटनाओं के कारण दोनों देशों के खिलाड़ी मैदान पर एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाते।
अब यह देखना होगा कि ICC इन शर्तों पर क्या रुख अपनाता है और क्या 15 फरवरी का ब्लॉकबस्टर मुकाबला तय समय पर खेला जाएगा या फिर राजनीतिक और सुरक्षा कारणों से इसमें बदलाव आएगा। भारत की टीम टिकट और तैयारी के साथ कोलंबो पहुँचने के लिए तैयार है, जबकि पाकिस्तान की अंतिम पुष्टि अभी बाकी है।