KNEWS DESK- टीम इंडिया के तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने इंस्टाग्राम के जरिए अपने फैंस को खुशखबरी दी है कि उनकी घुटने की सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी हो गई है। अस्पताल के बेड से अपनी तस्वीर शेयर करते हुए हर्षित ने अपने स्वास्थ्य और आगामी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब उनका ध्यान दो मुख्य मिशन पर रहेगा – पहला, अपनी रिकवरी और दूसरा, टीम इंडिया में वापसी।
हर्षित राणा की चोट साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वार्म-अप मैच में सामने आई थी। प्रैक्टिस मैच के दौरान उनकी घुटने की स्थिति इतनी गंभीर थी कि गेंदबाजी के लिए अपने रनअप पर दौड़ना भी मुश्किल हो गया। उन्होंने केवल एक ओवर ही गेंदबाजी की, और उस दौरान दो बार रनअप के बीच रुकते हुए दर्द से कराहते दिखाई दिए। उनकी इस स्थिति को देखकर टीम मैनेजमेंट ने उन्हें तुरंत प्रैक्टिस मैच से बाहर कर दिया और बाद में उन्हें टूर्नामेंट से भी बाहर कर दिया गया। उनकी जगह मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया गया।
हर्षित राणा के टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने से पहले वह काफी अच्छे फॉर्म में थे। गेंद के साथ-साथ उन्होंने बल्ले से भी टीम को योगदान दिया था। ऐसे में टूर्नामेंट से ठीक पहले उनकी चोट ने टीम इंडिया के लिए चिंता का कारण बन गया। इंस्टाग्राम पोस्ट में हर्षित ने अपने फैंस को भरोसा दिलाया कि वह रिकवरी पर फोकस करके जल्द ही टीम इंडिया में वापसी करेंगे।
इसके अलावा, टीम इंडिया के अन्य खिलाड़ी वॉशिंगटन सुंदर भी चोट के कारण टीम से बाहर थे। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने हाल ही में अपडेट देते हुए कहा कि सुंदर दिल्ली में टीम के साथ जुड़ेंगे, जिससे टीम की तैयारी पूरी होगी।
हर्षित राणा की सफल सर्जरी से फैंस में उत्साह और उम्मीद बढ़ गई है। उम्मीद की जा रही है कि वह जल्द ही फिट होकर भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान देंगे और टीम की गेंदबाजी में मजबूती लाएंगे।