मुंबई इंडियंस हार्दिक पंड्या से छीन सकती है कप्तानी! जानिए इसके पीछे की बड़ी वजहें…

KNEWS DESK- आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन उम्मीदों के बिल्कुल विपरीत रहा। पांच बार की चैंपियन टीम इस सीजन पॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर रही, जिसके बाद टीम की कप्तानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक फ्रेंचाइजी हार्दिक पंड्या को कप्तानी से हटाने पर गंभीरता से विचार कर रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि मुंबई इंडियंस से जुड़े कुछ सूत्रों ने संकेत दिए हैं कि टीम मैनेजमेंट अगले सीजन के लिए नए कप्तान की तलाश कर सकता है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर हार्दिक पंड्या की कप्तानी पर खतरा क्यों मंडरा रहा है।

मुंबई इंडियंस ने IPL 2026 में 14 में से 10 मुकाबले गंवाए। हार्दिक पंड्या की कप्तानी में टीम लगातार संघर्ष करती नजर आई। सीजन शुरू होने से पहले मुंबई को खिताब का मजबूत दावेदार माना जा रहा था, लेकिन टीम प्लेऑफ की दौड़ से काफी पहले बाहर हो गई।

हार्दिक पंड्या बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। उन्होंने 10 मैचों में सिर्फ 206 रन बनाए, जबकि गेंदबाजी में महज 4 विकेट हासिल किए। एक ऑलराउंडर और कप्तान के रूप में उनका प्रदर्शन लगातार सवालों के घेरे में रहा।

सीजन के दौरान ऐसी खबरें भी सामने आईं कि टीम के कुछ सीनियर खिलाड़ी हार्दिक की कप्तानी शैली से पूरी तरह संतुष्ट नहीं थे। हालांकि फ्रेंचाइजी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया, लेकिन ड्रेसिंग रूम के माहौल को लेकर चर्चाएं लगातार होती रहीं।

हार्दिक पंड्या की फिटनेस लंबे समय से चिंता का विषय रही है। IPL 2026 में भी वह बैक इंजरी के कारण कई मुकाबलों से बाहर रहे। कप्तान की अनुपस्थिति का असर टीम के संतुलन और प्रदर्शन दोनों पर साफ दिखाई दिया।

मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पंड्या को बड़ी उम्मीदों के साथ कप्तानी सौंपी थी, लेकिन इस सीजन में टीम और व्यक्तिगत प्रदर्शन दोनों में गिरावट देखने को मिली। माना जा रहा है कि इसी वजह से फ्रेंचाइजी अब भविष्य की रणनीति पर दोबारा विचार कर रही है।

अगर हार्दिक पंड्या से कप्तानी वापस ली जाती है, तो उनके टीम में बने रहने को लेकर भी सवाल खड़े हो सकते हैं। क्रिकेट जगत में ऐसी चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं कि अगले सीजन में वह किसी दूसरी फ्रेंचाइजी की ओर से खेलते नजर आ सकते हैं।

फिलहाल IPL 2026 के निराशाजनक सीजन के बाद हार्दिक पंड्या छुट्टियां मनाने विदेश गए हुए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह फ्रांस में समय बिता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *