IPL 2026: तिलक वर्मा का तूफान, मुंबई इंडियंस ने पंजाब को 6 विकेट से हराया

KNEWS DESK- आईपीएल 2026 के 58वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने रोमांचक जीत दर्ज करते हुए पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया। धर्मशाला में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मैच में दोनों टीमों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली, लेकिन अंत में तिलक वर्मा की विस्फोटक पारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 200 रन बनाए। टीम की शुरुआत आक्रामक रही। प्रभसिमरन सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों पर 57 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 4 छक्के शामिल थे। वहीं प्रियांश आर्या ने 17 गेंदों पर 22 रन जोड़े।

मिडिल ऑर्डर में अजमतुल्लाह ओमरजई ने 17 गेंदों पर 38 रनों की तेज पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ा योगदान नहीं दे सके। हालांकि आखिरी ओवरों में विश्णु विनोद और जेवियर बार्टलेट ने तेजी से रन जोड़ते हुए आखिरी 3 ओवर में 53 रन बनाए और टीम को 200 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

मुंबई इंडियंस की ओर से गेंदबाजी में शार्दुल ठाकुर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 39 रन देकर 4 विकेट झटके। दीपक चाहर को 2 सफलता मिली, जबकि कॉर्बिन बोश ने 1 विकेट लिया। हालांकि कप्तान जसप्रीत बुमराह इस मुकाबले में विकेट लेने में सफल नहीं रहे।

201 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत शानदार रही। रायन रिकेलटन ने तेजतर्रार 48 रन (23 गेंद) बनाए, जबकि रोहित शर्मा ने 25 रनों का योगदान दिया।

इसके बाद क्रीज पर आए तिलक वर्मा ने मैच का पूरा पासा पलट दिया। उन्होंने आक्रामक लेकिन समझदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए पंजाब के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। तिलक ने 33 गेंदों पर नाबाद 75 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 6 छक्के शामिल रहे।

तिलक वर्मा ने विल जैक्स के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 56 रनों की अहम साझेदारी की, जिससे मुंबई इंडियंस ने 19.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और एक यादगार जीत अपने नाम कर ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *