KNEWS DESK- इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के एकतरफा मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 99 रनों से करारी शिकस्त दी। यह मैच 20 अप्रैल, सोमवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेला गया, जहां गुजरात ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी।पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 199 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
इस बड़े स्कोर की नींव रखी युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने, जिन्होंने शानदार नाबाद 101 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे। यह उनके आईपीएल करियर का पहला शतक भी रहा।200 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। मुंबई के गेंदबाजों ने लगातार विकेट चटकाते हुए गुजरात की बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। पूरी टीम महज 15.5 ओवर में 100 रन पर ऑलआउट हो गई।
गेंदबाजी में मुंबई के लिए अश्वनी कुमार सबसे बड़े हीरो साबित हुए। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 24 रन देकर 4 विकेट झटके। उनके अलावा अल्लाह मोहम्मद ग़ज़नफ़र ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि मिचेल सेंटनर ने भी 2 विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को 1-1 विकेट मिला।
मुंबई इंडियंस की यह जीत पूरी तरह से टीम के संतुलित प्रदर्शन का नतीजा रही, जिसमें बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों ने बेहतरीन खेल दिखाया।