IPL 2026: इकाना में लखनऊ का धमाका, चेन्नई सुपर किंग्स को 7 विकेट से रौंदा

KNEWS DESK- आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने घरेलू मैदान इकाना स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स को 7 विकेट से हराकर प्लेऑफ की जंग को और रोमांचक बना दिया। ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ ने इस मुकाबले में हर विभाग में शानदार प्रदर्शन किया और चेन्नई को मुकाबले में वापसी का मौका तक नहीं दिया। इस हार के बाद सीएसके की प्लेऑफ की राह अब बेहद मुश्किल हो गई है।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी लखनऊ की टीम ने शुरुआत से ही चेन्नई पर दबाव बनाए रखा। सीएसके को पहला झटका कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के रूप में लगा, जो सिर्फ 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद सांजू सैमसन भी ज्यादा देर टिक नहीं सके और 20 रन बनाकर आउट हो गए। शुरुआती झटकों के बावजूद चेन्नई ने मध्यक्रम में दमदार वापसी की।

कार्तिक शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 71 रन की शानदार पारी खेली। उनके अलावा देवाल्ड ब्रेविस ने तेज 25 रन बनाए, जबकि शिवम दुबे ने आखिर में विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंदों में नाबाद 32 रन ठोक दिए। इन पारियों की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 187 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

लखनऊ की गेंदबाजी में आकाश सिंह सबसे बड़े हीरो साबित हुए। इस सीजन का अपना पहला मैच खेल रहे आकाश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। वहीं, अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और शाहबाज अहमद को भी 1-1 विकेट मिला।188 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत धमाकेदार रही। मिचेल मार्श और जॉश इंग्लिस ने चेन्नई के गेंदबाजों पर शुरुआत से ही हमला बोल दिया। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 135 रन की साझेदारी कर मैच को पूरी तरह लखनऊ के पक्ष में कर दिया।

मिचेल मार्श ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 38 गेंदों में 90 रन बनाए। उनकी इस पारी में 9 चौके और 7 लंबे छक्के शामिल रहे। वहीं, जॉश इंग्लिस ने भी 36 रन का अहम योगदान दिया। इसके बाद निकोलस पूरन ने 17 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। लखनऊ ने यह लक्ष्य सिर्फ 16.4 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

इस जीत के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स ने सीजन की अपनी चौथी जीत दर्ज की, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह हार किसी बड़े झटके से कम नहीं रही। सीएसके के अब सिर्फ दो मुकाबले बाकी हैं और प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उसे हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। फिलहाल टीम के 12 मैचों में 12 अंक हैं और नेट रन रेट गिरकर 0.027 हो गया है, जिससे उसकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *