ईंधन संकट के बीच IPL 2026 पर सवाल, बचे मैचों का शेड्यूल बदलने की मांग

Knews Desk- अमेरिका-ईरान तनाव और वैश्विक ईंधन संकट का असर अब IPL 2026 पर भी पड़ता दिखाई दे रहा है. इंडियन प्रीमियर लीग के बाकी मुकाबलों के शेड्यूल में बदलाव की मांग उठने लगी है. दिल्ली और देश के व्यापारियों के बड़े संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री CTI ने केंद्रीय खेल मंत्री Mansukh Mandaviya को पत्र लिखकर IPL के बचे हुए मैच सीमित मैदानों पर कराने और दर्शकों के बिना आयोजित करने की अपील की है.

CTI चेयरमैन बृजेश गोयल का कहना है कि मौजूदा हालात में ईंधन की बचत बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध जैसे हालात के चलते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल और एविएशन फ्यूल पर दबाव बढ़ रहा है. ऐसे में IPL टीमों की लगातार हवाई यात्राएं देश पर अतिरिक्त बोझ डाल सकती हैं. बता दें कि IPL 2026 की शुरुआत 28 मार्च से हुई थी और तब से अब तक सभी टीमें अलग-अलग शहरों में मैच खेलने के लिए लगातार यात्रा कर रही हैं. CTI के मुताबिक, IPL टीमों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले चार्टर्ड विमान जैसे बोइंग 737 या एयरबस A320 प्रति घंटे करीब 2400 से 3000 लीटर एविएशन फ्यूल खर्च करते हैं. अगर एक फ्लाइट करीब दो घंटे की हो तो उसमें लगभग 5000 से 6000 लीटर तक ईंधन खर्च होता है. लंबी दूरी या भारी विमान होने की स्थिति में यह आंकड़ा 7000 से 8000 लीटर तक पहुंच सकता है.

IPL टीमों के हवाई सफर में कितना ईंधन खत्म हो रहा?

संगठन का दावा है कि हर टीम टूर्नामेंट के दौरान औसतन 10 हवाई यात्राएं करती है, जिससे लगभग 50 हजार से 70 हजार लीटर एविएशन फ्यूल खर्च हो रहा है. इसके अलावा स्टेडियम तक पहुंचने वाले हजारों दर्शकों के कारण पेट्रोल और डीजल की खपत भी काफी बढ़ जाती है. CTI ने कहा कि एक IPL मैच में औसतन 50 हजार दर्शक पहुंचते हैं, जिससे भारी मात्रा में ईंधन की खपत होती है.

बृजेश गोयल ने सुझाव दिया कि कोरोना काल की तरह IPL के बाकी मुकाबले सीमित शहरों और चुनिंदा मैदानों पर कराए जा सकते हैं. उन्होंने कहा कि यदि मैच बिना दर्शकों के आयोजित किए जाएं तो लाखों लीटर पेट्रोल-डीजल और एविएशन फ्यूल बचाया जा सकता है.

उन्होंने यह भी कहा कि जब देश के सरकारी विभाग, नेता और आम नागरिक प्रधानमंत्री Narendra Modi की अपील पर फिजूलखर्ची कम करने की कोशिश कर रहे हैं, तब IPL जैसे बड़े आयोजन को भी जिम्मेदारी दिखानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *