KNEWS DESK- मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले ने IPL इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान टीम मुंबई इंडियंस को 103 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया, जो लीग इतिहास में दोनों टीमों के लिए अब तक का सबसे बड़ा जीत-हार का अंतर बन गया है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने 207 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस पारी की सबसे बड़ी खासियत रही संजू सैमसन की शतकीय बल्लेबाजी, जिन्होंने बेहतरीन अंदाज में 54 गेंदों पर 101 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी ने टीम को मजबूत शुरुआत और बड़ा स्कोर दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
जवाब में मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। घरेलू मैदान पर खेल रही मुंबई की टीम चेन्नई के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 104 रनों पर ऑलआउट हो गई। नतीजा यह रहा कि मुंबई न सिर्फ मैच हारी, बल्कि आईपीएल इतिहास की अपनी सबसे बड़ी हार भी झेलनी पड़ी।
गेंदबाजी में इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे अकील होसेन ने भी कमाल दिखाया। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 17 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए और मुंबई की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
इस जीत के साथ चेन्नई सुपर किंग्स ने न सिर्फ वानखेड़े में शानदार फतह दर्ज की, बल्कि आईपीएल में रनों के अंतर से अपनी सबसे बड़ी जीत भी हासिल की। इससे पहले चेन्नई की सबसे बड़ी जीत 97 रनों की थी, जो अब इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के आगे पीछे छूट गई है।
मुंबई इंडियंस के लिए यह हार कई सवाल छोड़ गई है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि बड़े मुकाबलों में उनका प्रदर्शन हमेशा खास रहता है।