KNEWS DESK- भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। यह मुकाबला भले ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का हिस्सा नहीं है, लेकिन दोनों टीमों के लिए इसे भविष्य की तैयारी के तौर पर बेहद अहम माना जा रहा है।
भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में इस मैच की सबसे बड़ी खबर युवा ऑफ स्पिनर मानव सुथार का टेस्ट डेब्यू है। सुथार आईपीएल में गुजरात टाइटंस का हिस्सा रह चुके हैं और अब उन्हें पहली बार टेस्ट कैप मिली है। टीम मैनेजमेंट उन्हें लंबे समय के विकल्प के तौर पर देख रहा है।
भारत ने इस मैच में कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया है। टीम में साई सुदर्शन को नंबर-3 पर उतारा गया है, जबकि अनुभवी खिलाड़ियों के बिना टीम एक नए संयोजन के साथ मैदान में उतरी है।
टॉस के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि गर्म और उमस भरी परिस्थितियों को देखते हुए पहले बल्लेबाजी करना सही फैसला है। उन्होंने कहा कि पिच धीरे-धीरे धीमी और नीची होती जाएगी, इसलिए शुरुआत में रन बनाना अहम होगा। गिल ने यह भी कहा कि यह मैदान उनके लिए खास है क्योंकि वे यहीं खेलकर बड़े हुए हैं।
उन्होंने मानव सुथार के डेब्यू को लेकर कहा कि यह टीम के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है और आने वाले टेस्ट मैचों को देखते हुए सही संयोजन बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है।
अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने भी टॉस हारने के बाद कहा कि वे भी पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे क्योंकि विकेट अच्छा दिख रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी टीम चुनौती के लिए तैयार है और काबुल में हुए अच्छे तैयारी कैंप का फायदा उन्हें मिलेगा।
अफगानिस्तान इस मैच को अपने टेस्ट क्रिकेट अनुभव को मजबूत करने के अवसर के रूप में देख रहा है। टीम ने इस मुकाबले के लिए तीन तेज गेंदबाज और दो स्पिनरों का संयोजन चुना है।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
अफगानिस्तान: सेदिकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज़, अब्दुल मलिक, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अफसर ज़ज़ई (विकेटकीपर), अज़मतुल्लाह उमरज़ई, शराफुद्दीन अशरफ, नंगीयालिया खरोटे, जियाउर रहमान शरीफी, मोहम्मद सलीम सफी।
मुल्लनपुर में खेला जा रहा यह टेस्ट मैच दोनों टीमों के लिए भविष्य की तैयारी का अहम हिस्सा माना जा रहा है। भारत जहां युवा खिलाड़ियों को परख रहा है, वहीं अफगानिस्तान अपनी टेस्ट क्रिकेट पहचान को मजबूत करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरा है।