KNEWS DESK- पश्चिम बंगाल में सोमवार को हुए कैबिनेट विस्तार के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। राज्य की शुभेंदु सरकार के मंत्रिमंडल में कुल 35 विधायकों ने राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ली।
राज्यपाल आर. एन. रवि की मौजूदगी में हुए इस समारोह में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल रहे।
इस कैबिनेट विस्तार की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज अशोक डिंडा को राज्य मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। उन्होंने मोयना विधानसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर जीत दर्ज की थी।
डिंडा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 16,241 वोटों के बड़े अंतर से हराकर लगातार दूसरी बार यह सीट अपने नाम की थी। इससे पहले 2021 में भी उन्होंने बेहद करीबी मुकाबले में जीत हासिल की थी।
शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत कैबिनेट मंत्रियों से हुई, जहां पहले 7 विधायकों को कैबिनेट मंत्री बनाया गया। इसके बाद 3 विधायकों ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली और अंत में 19 विधायकों को राज्य मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
अशोक डिंडा का क्रिकेट करियर भी काफी चर्चित रहा है। उन्होंने दिसंबर 2009 में श्रीलंका के खिलाफ भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था।
अपने करियर में उन्होंने 13 वनडे और 9 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले, जिनमें कुल 29 विकेट लिए। घरेलू क्रिकेट में बंगाल के लिए उनका प्रदर्शन काफी अहम रहा।
आईपीएल में भी डिंडा ने लंबा सफर तय किया और 78 मैचों में 69 विकेट झटके। वह कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR), दिल्ली कैपिटल्स (DC), पुणे वॉरियर्स इंडिया (PWI), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स (RPS) जैसी टीमों का हिस्सा रहे।
क्रिकेट से संन्यास के बाद अशोक डिंडा ने फरवरी 2021 में भारतीय जनता पार्टी जॉइन की थी। इसके बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में तेजी से अपनी पहचान बनाई और अब राज्य मंत्री बनकर यह साबित किया है कि वह राजनीति के मैदान में भी लंबी पारी खेलने के लिए तैयार हैं।
इस कैबिनेट विस्तार के साथ राज्य सरकार ने संगठन और प्रशासन दोनों स्तरों पर अपनी पकड़ मजबूत करने का संकेत दिया है।