दिल्ली कैपिटल्स के एनरिक नॉर्खिया की रफ्तार के आगे ढेर हुए गुजरात टाइटंस के दोनों ओपनर

sports desk, इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के 7वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को भले ही गुजरात टाइटंस के खिलाफ 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी हो, लेकिन एनरिक नॉर्खिया अपनी तेज गेंदबाजी से प्रशंसकों का दिल जीतने में सफल रहे। छह महीने बाद भारत आए साउथ अफ्रीका के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने अपनी पहली ही गेंद पर विकेट झटका।

एनरिक नॉर्खिया ने ऋद्धिमान साहा और शुभमन गिल की गिल्लियां बिखेरकर पवेलियन की राह दिखाई। एनरिक नॉर्खिया ने इससे पहले भारत में अपना आखिरी मैच 11 अक्टूबर 2022 को दिल्ली में ही खेला था। उस मैच में नॉर्खिया ने 5 ओवर में 15 रन दिए थे, लेकिन एक भी विकेट लेने में सफल नहीं हुए थे।

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 162 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस ने 18.1 ओवर में 4 विकेट पर 163 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।

डेविड वार्नर ने तीसरे ओवर के लिए एनरिक नॉर्खिया को गेंद थमाई। नॉर्खिया ने कप्तान के फैसले पर खरा उतरते हुए तीसरे ओवर की पहली ही गेंद पर ऋद्धिमान साहा को बोल्ड कर दिया। नॉर्खिया की इस गेंद की रफ्तार 143.5 किमी प्रति घंटा थी। साहा 7 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हुए।

एनरिक नॉर्खिया यही नहीं रुके। उन्होंने पांचवें ओवर की पहली गेंद पर शुभमन गिल के विकेट की गिल्लियां बिखेर दीं। नॉर्खिया की इस गेंद की रफ्तार 148.8 किमी प्रति घंटे की थी। गिल 13 गेंद में 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

About Post Author