इंग्लैंड के हैरी ब्रूक ने सुनील गावस्कर और विनोद कांबली का 30 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा

sports desk,  वेलिंगटन में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने के समय हैरी ब्रूक 184 रन बनाकर नाबाद थे। उनके अब 9 टेस्ट पारियों में 807 रन हो गए हैं, जो विनोद कांबली के 798 रन के रिकॉर्ड से ज्यादा हैं।

इंग्लैंड के स्टार नए नवेले बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने पहली नौ टेस्ट पारियों के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने का पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली का 30 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। हैरी ब्रूक 9 टेस्ट पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। हैरी ब्रूक ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट में यह उपलब्धि अपने नाम की।

हैरी ब्रूक न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में पहले दिन का खेल खत्म होने के समय 184 रन बनाकर नाबाद थे। हैरी ब्रूक के अब 9 टेस्ट पारियों में 807 रन हो गए हैं। इसमें उनके 4 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं। विनोद कांबली ने 9 टेस्ट पारियों में 798 रन बनाए थे। इस सूची में इंग्लैंड के हर्बर्ट सटक्लिफ (780 रन) अब तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं।

महान सुनील गावस्कर चौथे नंबर पर हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने अपने करियर की शुरुआती 9 टेस्ट पारियों में 778 रन बनाए थे। वेस्टइंडीज के एवर्टन वीक्स 777 रन के साथ पांचवें नंबर पर पहुंच गए हैं।

यही नहीं, हैरी ब्रूक का अब टेस्ट क्रिकेट में औसत 100.87 का हो गया है। जो महान क्रिकेटर डॉन ब्रैडमैन से ज्यादा है। डॉन ब्रैडमैन ने अपने करियर के दौरान 99.94 रन के औसत से रन बनाए थे। इस मामले में तीसरे नंबर पर सिड बर्न्स (63.05), चौथे नंबर पर एडम वोग्स (61.87) और ग्रीम पोलाक (60.97) पांचवें नंबर पर है।

हैरी ब्रूक के नाम अभी 100.88 के औसत से 807 रन हैं। केवल सुनील गावस्कर (129.66) का नौ टेस्ट पारियों के बाद ब्रूक से बेहतर टेस्ट औसत था। हैरी ब्रुक अब भी क्रीज पर हैं। ऐसे में वह मैच के दूसरे दिन अपने औसत में सुधार करना चाहेंगे। हैरी ब्रूक के साथ जो रूट भी 101 रन बनाकर नाबाद हैं।

हैरी ब्रूक और जो रूट की शतकीय पारियों की मदद से इंग्लैंड ने पहले दिन 3 विकेट पर 315 रन का स्कोर बना लिया। न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी ने अब तक 64 रन देकर 2 विकेट लिए हैं, जबकि टिम साउदी भी 48 रन देकर एक विकेट लेने में सफल रहे हैं।

About Post Author