बाबर आजम की टेस्ट कप्तानी में वापसी, शान मसूद को PCB ने हटाया

Knews Desk- पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने आगामी वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरे से पहले बड़ा फैसला लेते हुए स्टार बल्लेबाज बाबर आजम को एक बार फिर टेस्ट टीम का कप्तान नियुक्त कर दिया है। बाबर ने शान मसूद की जगह ली है, जिन्हें टीम के लगातार खराब प्रदर्शन के बाद कप्तानी से हटा दिया गया।रविवार को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस फैसले की आधिकारिक घोषणा की। इसके साथ ही वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान की टीम का भी ऐलान कर दिया गया।

बाबर आजम इससे पहले भी पाकिस्तान की टेस्ट टीम की कमान संभाल चुके हैं। उन्होंने साल 2020 से 2023 के बीच टीम की कप्तानी की थी। इस दौरान पाकिस्तान ने उनकी कप्तानी में 20 टेस्ट मुकाबले खेले, जिनमें 10 में जीत, 6 में हार और 4 मैच ड्रॉ रहे। अब एक बार फिर बोर्ड ने अनुभवी बल्लेबाज पर भरोसा जताते हुए उन्हें टेस्ट टीम की जिम्मेदारी सौंपी है।

वहीं, शान मसूद का कप्तानी कार्यकाल उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। उनकी अगुआई में पाकिस्तान को कई अहम टेस्ट मुकाबलों में निराशाजनक प्रदर्शन का सामना करना पड़ा। इसी वजह से बोर्ड ने नेतृत्व में बदलाव का फैसला लिया है। हालांकि, रिपोर्ट्स के अनुसार शान मसूद को टीम से बाहर नहीं किया गया है और वह बतौर खिलाड़ी चयन के दायरे में बने हुए हैं।पीसीबी को उम्मीद है कि बाबर आजम की वापसी से टेस्ट टीम में स्थिरता आएगी और विदेशी दौरों पर बेहतर प्रदर्शन देखने को मिलेगा। बाबर पाकिस्तान के सबसे अनुभवी और सफल बल्लेबाजों में गिने जाते हैं और उनकी कप्तानी का अनुभव टीम के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पाकिस्तान की टीम जल्द ही वेस्टइंडीज दौरे पर रवाना होगी, जिसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ अहम टेस्ट सीरीज खेलेगी। इन दोनों दौरों को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में बाबर आजम के सामने टीम को जीत की राह पर लौटाने और टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान की स्थिति मजबूत करने की बड़ी चुनौती होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *