अर्शदीप सिंह ने कर दी हद पार…, तिलक पर किया भद्दा कमेंट, देखें वीडियो

KNEWS DESK- आईपीएल 2026 के बीच पंजाब किंग्स एक बार फिर विवादों में घिरती नजर आ रही है। मैदान पर जहां टीम का प्रदर्शन लगातार गिरता जा रहा है, वहीं ऑफ-फील्ड घटनाएं भी फ्रेंचाइजी की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। ताजा विवाद तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह से जुड़ा सामने आया है, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

14 मई को धर्मशाला में खेले गए पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के मुकाबले के दौरान यह वीडियो शूट किया गया बताया जा रहा है। वायरल क्लिप में अर्शदीप सिंह अपने साथी खिलाड़ी और भारतीय टीम के सदस्य तिलक वर्मा को लेकर कथित तौर पर रंग से जुड़ी टिप्पणी करते नजर आते हैं।

वीडियो में अर्शदीप तिलक को आवाज देते हुए कहते दिखते हैं, “ओ अंधेरे, इधर आ। सनस्क्रीन नहीं लगाई?” इस पर तिलक के जवाब देने के बाद अर्शदीप आगे नमन धीर की ओर इशारा करते हुए पंजाबी में टिप्पणी करते हैं, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

इस वीडियो के सामने आने के बाद क्रिकेट फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स ने अर्शदीप सिंह की आलोचना शुरू कर दी है। कई लोगों ने इसे अनुचित और आपत्तिजनक बताते हुए BCCI से कार्रवाई की मांग की है। मामला बढ़ने के बाद यह वीडियो चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।

गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब अर्शदीप सिंह विवादों में आए हों। हाल ही में उनके एक व्लॉग में पंजाब किंग्स के स्पिनर युजवेंद्र चहल को प्लेन के अंदर कथित तौर पर वेपिंग करते हुए देखा गया था, जिसके बाद भी काफी विवाद हुआ था।

इसके अलावा, टीम के खिलाड़ियों की निजी गतिविधियों को लेकर भी पहले सवाल उठ चुके हैं। बीसीसीआई की ओर से खिलाड़ियों के परिवार और पार्टनर को टीम बस में यात्रा से अलग रखने के निर्देशों के बावजूद अर्शदीप अपनी गर्लफ्रेंड के साथ टीम बस में नजर आए थे, जिसे लेकर भी चर्चा हुई थी।

लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने पंजाब किंग्स टीम मैनेजमेंट और खिलाड़ियों की प्रोफेशनल छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि इस ताजा विवाद पर फ्रेंचाइजी और BCCI क्या कदम उठाते हैं।