FSSAI की बड़ी कार्रवाई: एवरेस्ट जीरा पाउडर की एक बैच वापस लेने का आदेश, क्रिएटिव बेकर्स का लाइसेंस सस्पेंड

KNEWS DESK- FSSAI ने फूड सेफ्टी नियमों के उल्लंघन के मामलों में बड़ा एक्शन लिया है। एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स के प्री-पैक्ड जीरा पाउडर की एक बैच को जांच में खाने के लिए असुरक्षित पाए जाने के बाद बाजार से वापस लेने का आदेश दिया गया है। वहीं, गंभीर हाइजीन और सफाई संबंधी कमियां मिलने पर क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।

FSSAI की कार्रवाई के मुताबिक, एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्री-पैक्ड जीरा पाउडर की संबंधित पूरी बैच को बाजार से वापस लेने का निर्देश दिया गया है। इस प्रोडक्ट का बैच नंबर E080668761 है। लैब जांच में सैंपल फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड पर खरा नहीं उतरा और इसे अनसेफ घोषित किया गया। कंपनी को बाजार से वापस लिए जा रहे प्रोडक्ट का पूरा रिकॉर्ड रखने और निर्धारित समय के भीतर इससे संबंधित जानकारी और स्टेटस रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो, इसके लिए जरूरी सुधारात्मक कदम उठाने को कहा गया है।

इस जीरा पाउडर का सैंपल गोवा के रिवरसाइड रिसॉर्ट्स एंड हॉलिडे होम्स प्राइवेट लिमिटेड के परिसर से लिया गया था। फूड एनालिस्ट की जांच में जीरा पाउडर में एजोक्सीस्ट्रोबिन और थायमेथोक्साम नाम के पेस्टिसाइड के अवशेष तय सीमा से अधिक पाए गए। इसके बाद सैंपल को फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत अनसेफ घोषित किया गया। कंपनी को फूड एनालिस्ट की रिपोर्ट के खिलाफ अपील का मौका दिया गया था। इसके बाद सैंपल को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। दोबारा हुई जांच में भी जीरा पाउडर में एजोक्सीस्ट्रोबिन और थायमेथोक्साम की मात्रा निर्धारित सीमा से ज्यादा पाई गई। रेफरल लैबोरेटरी ने भी सैंपल को अनसेफ घोषित किया। इसके बाद संबंधित बैच को बाजार से वापस लेने की कार्रवाई की गई।

वहीं, FSSAI की जांच के दौरान क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड की बेकरी में सफाई और हाइजीन से जुड़ी कई गंभीर कमियां सामने आईं। फूड प्रोडक्शन और हैंडलिंग एरिया में गंदगी, ग्रीस, धूल, मकड़ी के जाले और मक्खियां मिलीं। जल्दी खराब होने वाले कच्चे सामान को खुले में रखा गया था। कच्चे और आधे तैयार प्रोडक्ट रखने के लिए जंग लगे और ठीक से साफ नहीं किए गए कंटेनरों का इस्तेमाल किया जा रहा था। जांच के दौरान परिसर में कीड़ों की समस्या भी पाई गई और पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था पर्याप्त नहीं मिली। मक्खियों को रोकने के इंतजाम ठीक नहीं थे। चूहों से बचाव के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। खिड़कियों और अन्य स्थानों पर कीड़ों को रोकने वाली जाली भी नहीं लगी थी।

फूड हैंडलिंग एरिया में कचरा, पुराना स्टॉक, रिजेक्ट किया गया सामान और स्क्रैप भी मिला। कुछ मशीनों पर जंग लगी हुई थी। दीवारों का पेंट उखड़ा हुआ था और परिसर में सीलन की समस्या भी सामने आई। कुछ जगहों पर फर्श की टाइलें टूटी हुई मिलीं। जांच में फूड सेफ्टी से जुड़े जरूरी रिकॉर्ड और सिस्टम के रखरखाव में भी कमियां पाई गईं। इनमें पानी और तैयार प्रोडक्ट की टेस्टिंग, समय और तापमान की निगरानी, मशीनों की जांच, जरूरी मेंटेनेंस, मॉक रिकॉल, कस्टमर शिकायत, कर्मचारियों की ट्रेनिंग और ऑडिट रिकॉर्ड शामिल थे। इन गंभीर कमियों को देखते हुए FSSAI ने क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। कंपनी को सस्पेंशन की अवधि के दौरान सभी फूड बिजनेस एक्टिविटी रोकने का निर्देश दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *