Knews Desk- घरेलू रसोई गैस (LPG) उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। केंद्र सरकार ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 7 जून 2026 से लागू हो गई हैं। इसके बाद दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है। यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बार है जब LPG के दाम बढ़ाए गए हैं।
सरकार का कहना है कि पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव और सप्लाई बाधित होने की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में LPG की कीमतों में भारी उछाल आया है। सऊदी कॉन्ट्रैक्ट प्राइस (Saudi CP), जिसे LPG का वैश्विक बेंचमार्क माना जाता है, फरवरी के बाद से करीब 46 प्रतिशत बढ़ चुका है। इसी कारण तेल विपणन कंपनियों पर लागत का दबाव बढ़ा है।
हालांकि सरकार ने दावा किया है कि कीमतों में वृद्धि के बावजूद भारत में घरेलू LPG दुनिया के सबसे सस्ते रसोई ईंधनों में शामिल है। सरकार के अनुसार भारत में LPG की कीमत पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका जैसे पड़ोसी देशों से भी कम है। वहीं अमेरिका, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया जैसे विकसित देशों की तुलना में भारतीय उपभोक्ता काफी कम कीमत पर गैस खरीद रहे हैं।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों को राहत जारी रहेगी। योजना के तहत पहले चार रिफिल पर 300 रुपये प्रति सिलेंडर की सब्सिडी मिलती रहेगी। ऐसे में उज्ज्वला लाभार्थियों को प्रभावी रूप से 642 रुपये प्रति सिलेंडर ही चुकाने होंगे।
सरकार ने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय कीमतों में तेजी के बावजूद देश में LPG और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है। घरेलू उत्पादन बढ़ाने, वैकल्पिक देशों से आयात और सप्लाई चेन को मजबूत करने जैसे कदम उठाए गए हैं ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति मिलती रहे। केंद्र का कहना है कि उपभोक्ताओं पर पूरा बोझ डालने के बजाय सरकार और तेल कंपनियां लागत का बड़ा हिस्सा वहन कर रही हैं। इसी वजह से घरेलू LPG की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार की तुलना में काफी नियंत्रित बनी हुई हैं।