KNEWS DESK- अगर आप अपना बिजनेस शुरू करने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए शानदार मौका सामने आया है। नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन यानी NCRTC ने दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल कॉरिडोर के सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पर कमर्शियल स्पेस को लाइसेंस पर देने के लिए टेंडर जारी किए हैं।

NCRTC का उद्देश्य स्टेशन को सिर्फ ट्रांसपोर्ट हब नहीं, बल्कि मॉडर्न कमर्शियल सेंटर के रूप में विकसित करना है, ताकि यात्रियों को एक ही जगह पर तमाम सुविधाएं मिल सकें।
स्टेशन पर मिलेगी कमर्शियल स्पेस
योजना के तहत सराय काले खां स्टेशन के ग्राउंड फ्लोर पर करीब 818 वर्ग मीटर क्षेत्र को कमर्शियल गतिविधियों के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। स्टेशन परिसर में कुल 8 अलग-अलग जगहों पर स्पेस दी जाएगी।
इन यूनिट्स का आकार 17 वर्ग मीटर से लेकर 247 वर्ग मीटर तक रखा गया है। इनमें पहले से बनी हुई और खाली दोनों तरह की यूनिट्स शामिल हैं।
17 जून तक कर सकते हैं आवेदन
इच्छुक कारोबारी और निवेशक 17 जून तक ई-टेंडरिंग प्रक्रिया में हिस्सा ले सकते हैं। NCRTC की ओर से इन कमर्शियल स्पेस के लिए लाइसेंस अवधि 9 साल से 15 साल तक तय की गई है।
इन स्पेस का इस्तेमाल फूड एंड बेवरेज आउटलेट, कैफे, कन्विनिएंस स्टोर, सर्विस सेंटर, पॉड सर्विस और अन्य रिटेल बिजनेस के लिए किया जा सकेगा।
सराय काले खां बनेगा बड़ा ट्रांसपोर्ट हब
82 किलोमीटर लंबा दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ RRTS कॉरिडोर देश का पहला हाई-स्पीड रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम है। यह दिल्ली के सराय काले खां को मेरठ के मोदीपुरम से जोड़ता है।
सराय काले खां स्टेशन को बड़े मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह स्टेशन हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, ISBT, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन और रिंग रोड से सीधे जुड़ा हुआ है।
NCRTC का मानना है कि इस पहल से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और कारोबारियों के लिए नए बिजनेस अवसर भी पैदा होंगे।