KNEWS DESK- शादी-ब्याह के सीजन में सोना खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए एक बार फिर महंगाई की खबर है। शुक्रवार को घरेलू बाजार में सोने और चांदी दोनों की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ते तनाव और सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से कीमती धातुओं की कीमतें लगातार ऊपर जा रही हैं।

देश के प्रमुख ज्वेलरी ब्रांड्स और सर्राफा बाजारों में सोने के दाम बढ़ने का असर साफ दिखाई दे रहा है। तनिष्क, मालाबार गोल्ड और जोयालुक्कास जैसे बड़े ज्वेलर्स ने भी नए रेट जारी किए हैं, जिनमें पिछले दिन की तुलना में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
ज्वेलरी ब्रांड्स पर कितना महंगा हुआ सोना?
तनिष्क में 22 कैरेट सोने की कीमत बढ़कर ₹14,495 प्रति ग्राम पहुंच गई है। वहीं जोयालुक्कास और मालाबार गोल्ड में 22 कैरेट गोल्ड का भाव ₹14,450 प्रति ग्राम दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटों में प्रति ग्राम करीब ₹145 तक की बढ़ोतरी देखने को मिली है।
24 कैरेट सोना नई ऊंचाई पर
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट शुद्ध सोने की कीमत ₹15,704 प्रति ग्राम तक पहुंच गई है। वहीं 22 कैरेट सोना ₹15,327 प्रति ग्राम और 18 कैरेट सोना ₹12,721 प्रति ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
चांदी ने भी दिखाई रफ्तार
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी जोरदार तेजी आई है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक चांदी का भाव ₹2.63 लाख प्रति किलोग्राम के पार पहुंच गया है। पिछले दो दिनों में चांदी के दामों में ₹3,000 से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
क्यों बढ़ रहे हैं सोने-चांदी के दाम?

विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के चलते निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। ऐसे समय में सोना और चांदी सबसे भरोसेमंद निवेश माने जाते हैं, जिससे इनकी मांग और कीमत दोनों में तेजी देखने को मिल रही है।
खरीदारी से पहले रखें इन बातों का ध्यान
अगर आप सोने के गहने खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो अलग-अलग ज्वेलर्स के रेट्स की तुलना जरूर करें। साथ ही हॉलमार्क, मेकिंग चार्ज और जीएसटी की जानकारी भी जरूर लें, ताकि खरीदारी के समय किसी तरह की परेशानी न हो।