Knews Desk– एमेज़ॅन एमजीएम स्टूडियोज़ और कलर येलो ने अपनी बहुप्रतीक्षित फ़िल्म ‘नई नवेली’ का ट्रेलर रिलीज़ कर दिया है। यामी गौतम धर स्टारर यह फ़िल्म एक ऐसी आदर्श बहू की कहानी लेकर आ रही है, जिसकी एंट्री एक अतरंगी परिवार में होते ही कई अनसुलझे सवाल खड़े हो जाते हैं। ‘भाभी डायन है’ से शुरू होने वाला रहस्य आगे चलकर एक रोमांचक, मज़ेदार और कल्पनाओं से भरे सफ़र में बदलता दिखाई देता है।
ट्रेलर में यामी गौतम धर मोहिनी के किरदार में नज़र आ रही हैं, जो उनके अब तक के किरदारों से काफी अलग और अनदेखा अवतार है। फ़िल्म की कहानी मेरठ की पृष्ठभूमि पर आधारित है और इसमें पारिवारिक ड्रामा, कॉमेडी, रहस्य, फैंटेसी और एक्शन का अनोखा मेल देखने को मिलेगा। बालाजी मोहन के निर्देशन में बनी इस फ़िल्म को हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखा है। वहीं आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा इसके निर्माता हैं।
‘नई नवेली’ की कहानी अवस्थी परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। परिवार में नई बहू मोहिनी के आने के साथ ही ऐसे घटनाक्रम शुरू होते हैं, जिनके जवाब आसानी से नहीं मिलते। शुरुआत एक सामान्य भारतीय परिवार के माहौल, शादी की रस्मों और परिवार के सदस्यों की नोक-झोंक से होती है, लेकिन धीरे-धीरे कहानी एक ऐसी रहस्यमयी और काल्पनिक दुनिया में प्रवेश करती है, जिसकी दर्शकों ने शायद कल्पना भी न की हो।
फ़िल्म के ट्रेलर https://www.instagram.com/reel/Dd6aUNNMjop/?stkn=MTZlOXExd3BtdXFpcg== में परिवार के अलग-अलग रंग और किरदारों की अपनी-अपनी सोच कहानी को दिलचस्प बनाती है। मोहिनी इस पूरी कहानी की सबसे अहम कड़ी है और उसके अतीत से जुड़े रहस्य धीरे-धीरे सामने आने वाले हैं। कॉमेडी और पारिवारिक उलझनों के साथ फ़िल्म में एक्शन और फैंटेसी का भी भरपूर तड़का देखने को मिलेगा।
फ़िल्म के निर्देशक बालाजी मोहन ने कहा कि ‘नई नवेली’ उनके लिए खास फ़िल्म है, क्योंकि इसकी शुरुआत एक ऐसे परिवार से होती है जो दर्शकों को अपने घर जैसा महसूस होगा। परिवार के बीच होने वाली नोक-झोंक, अलग-अलग राय और अजीबोगरीब हरकतों के बाद कहानी अचानक एक ऐसे मोड़ पर पहुंचती है, जो दर्शकों को हैरान करने के साथ उनके चेहरे पर मुस्कान भी लाएगा। उन्होंने कहा कि फ़िल्म के कलाकारों ने अपने-अपने किरदारों में जान डाल दी है। मोहिनी के किरदार में यामी गौतम धर का अपनापन, रहस्य और चुलबुलापन दर्शकों को पसंद आएगा। उन्होंने बताया कि कहानी को भव्य और अनोखे अंदाज़ में पेश करने के साथ कॉमेडी को भी पूरी फ़िल्म में बनाए रखा गया है। बालाजी मोहन ने कहा कि वह दशहरे के मौके पर अपनी पहली फ़िल्म और इसकी काल्पनिक दुनिया को बड़े पर्दे पर दर्शकों के सामने लाने के लिए उत्साहित हैं।
मोहिनी के किरदार को लेकर यामी गौतम धर ने कहा कि उन्हें यह भूमिका इसलिए पसंद आई, क्योंकि मोहिनी वैसी नहीं है जैसी दर्शक शुरुआत में उसके बारे में सोच सकते हैं। उसके किरदार में अपनापन और एक जानी-पहचानी सी सहजता है, लेकिन उसके भीतर एक गहरा रहस्य भी छिपा हुआ है, जो कहानी के साथ धीरे-धीरे सामने आता है। यामी के मुताबिक, इस फ़िल्म ने उन्हें ऐसा किरदार निभाने का मौका दिया, जो परिवार, कॉमेडी, भावनाओं, जादुई दुनिया और एक्शन के बीच आसानी से ढल जाता है और फिर भी अपनी जड़ों से जुड़ा रहता है। उन्होंने बालाजी मोहन, आनंद एल. राय, हिमांशु शर्मा, कलर येलो की टीम और एमेज़ॅन एमजीएम स्टूडियोज़ के साथ काम करने के अनुभव को शानदार बताया।
जी.वी. प्रकाश कुमार के संगीत से सजी ‘नई नवेली’ दशहरे से ठीक पहले 16 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। फ़िल्म के ट्रेलर ने एक ऐसे पारिवारिक सफ़र की झलक दिखाई है, जिसमें हंसी-मज़ाक, रहस्य, फैंटेसी और एक्शन एक साथ देखने को मिलेगा।
‘नई नवेली’ का हो रहा है सिनेमा में गृह प्रवेश, 16 अक्टूबर को अपने नज़दीकी सिनेमाघरों में देखिए।