KNEWS DESK – बॉलीवुड के लिए साल 2026 किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं माना जा रहा है, और इसकी सबसे बड़ी वजह है मेगा बजट फिल्म रामायण। निर्देशक नीतेश तिवारी और प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा की यह महत्वाकांक्षी फिल्म करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट में तैयार की जा रही है, जिसने रिलीज से पहले ही चर्चा का माहौल गर्म कर दिया है।
हनुमान जयंती के पावन अवसर पर फिल्म का पहला टीजर ‘रामा’ रिलीज किया गया, जिसमें रणबीर कपूर को प्रभु श्रीराम के रूप में पहली बार देखा गया। इस झलक ने फैंस के बीच उत्साह तो बढ़ाया, लेकिन साथ ही सोशल मीडिया पर बहस भी छेड़ दी। जहां कुछ लोग इसे हिंदी सिनेमा का बड़ा कदम बता रहे हैं, वहीं कई यूजर्स ने VFX और फिल्म के ट्रीटमेंट को लेकर अपनी चिंताएं भी जाहिर कीं।
इसी बीच टीवी जगत के दिग्गज अभिनेता नीतीश भारद्वाज ने भी इस टीजर पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। बी.आर. चोपड़ा की महाभारत में भगवान श्रीकृष्ण का अमर किरदार निभा चुके नीतीश भारद्वाज ने फिल्म को “ग्लोबल अवतार” बताते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
सिर्फ वही नहीं, बल्कि दीपिका चिखलिया, जिन्होंने रामायण में माता सीता का किरदार निभाया था, उन्होंने भी टीजर की तारीफ की। उन्होंने कहा कि फिल्म का विजुअल ट्रीटमेंट बेहद ग्रैंड और रिच नजर आता है, जिससे साफ है कि मेकर्स ने इसे बड़े स्तर पर तैयार किया है।
फिल्म की स्टारकास्ट भी इसे और खास बनाती है। रणबीर कपूर के साथ साई पल्लवी माता सीता के रोल में नजर आएंगी, जबकि यश रावण का किरदार निभा रहे हैं।