KNEWS DESK – सोहम शाह की चर्चित हॉरर फिल्म ‘तुम्बाड’ के सीक्वल का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। ‘तुम्बाड 2’ की शूटिंग शुरू हो चुकी है और इस बार फिल्म से आलिया भट्ट भी जुड़ गई हैं। एक्ट्रेस ने फिल्म के लिए अपना शूटिंग शेड्यूल शुरू कर दिया है।
सेट से सामने आई आलिया की तस्वीर
शूटिंग के दौरान आलिया भट्ट की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। तस्वीर में एक्ट्रेस कैजुअल लुक में नजर आ रही हैं। उन्होंने ओवरसाइज्ड शर्ट पहनी है और बालों को हाई पोनीटेल में बांधा हुआ है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के मौजूदा शूटिंग शेड्यूल में नदी और पुराने किले के आसपास फिल्माए जाने वाले सीन शामिल हैं। इसके लिए मेकर्स ने बड़े स्तर पर तैयारी की है।
पहली बार हॉरर फिल्म में नजर आएंगी आलिया
‘तुम्बाड 2’ में आलिया भट्ट की एंट्री को काफी खास माना जा रहा है। एक्ट्रेस पहली बार इस तरह के हॉरर जॉनर में नजर आएंगी। उनके साथ सोहम शाह और नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी फिल्म का हिस्सा हैं।
जुलाई 2026 में आलिया के फिल्म में शामिल होने की खबर सामने आई थी और अब उन्होंने आधिकारिक तौर पर फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है।
100 करोड़ से ज्यादा होगा फिल्म का बजट
‘तुम्बाड’ का पहला पार्ट करीब 15 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया था। वहीं, सीक्वल का बजट इस बार काफी बढ़ा दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘तुम्बाड 2’ को 100 करोड़ रुपये से ज्यादा के बजट में तैयार किया जा रहा है।
मुंबई में फिल्म के लिए करीब 7 से 8 एकड़ में फैला एक बड़ा सेट भी तैयार किया गया है। बड़े बजट और नई स्टारकास्ट की वजह से सीक्वल को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।
पहली ‘तुम्बाड’ 2018 में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर इसे शानदार रिस्पॉन्स नहीं मिला था। हालांकि, 2024 में दोबारा रिलीज होने के बाद फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला और इसकी कमाई में भी बड़ा उछाल आया।
अब ‘तुम्बाड 2’ को 3 दिसंबर 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है। आलिया भट्ट की एंट्री के बाद फिल्म की स्टारकास्ट और कहानी को लेकर फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।