KNEWS DESK – बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने हाल ही में गौरी स्प्रैट संग शादी कर अपनी जिंदगी के नए अध्याय की शुरुआत की है। दोनों की शादी बेहद निजी और सादगी भरे अंदाज में हुई, जिसमें परिवार के सदस्य और कुछ करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे। हालांकि, इस सिंपल वेडिंग के बीच आमिर खान की ओर से गौरी को दिया गया वेडिंग रिंग गिफ्ट अब चर्चा का विषय बन गया है।
आमिर ने गौरी के लिए आम डिजाइन से हटकर एक बेहद खास और रॉयल लुक वाली अंगूठी चुनी है। इस अंगूठी की खासियत सिर्फ इसकी खूबसूरती नहीं, बल्कि इसे तैयार करने में लगा लंबा समय और इसमें इस्तेमाल किया गया दुर्लभ रत्न भी है।
रॉयल क्राउन डिजाइन में बनी है अंगूठी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर खान ने गौरी स्प्रैट को जो अंगूठी दी है, उसमें एक खास रूबी रत्न जड़ा हुआ है। इस अंगूठी को पारंपरिक स्टाइल से अलग एक रॉयल क्राउन के डिजाइन में तैयार किया गया है। अंगूठी की हर छोटी-बड़ी डिटेल को बेहद बारीकी से तैयार किया गया है, जो इसे एक यूनिक और लग्जरी ज्वेलरी पीस बनाती है।
बताया जा रहा है कि इस अंगूठी में मेडागास्कर से मिलने वाला नेचुरल कैबोचोन-कट रूबी रत्न लगाया गया है। यह रत्न बेहद दुर्लभ माना जाता है और इसे तलाशने में करीब तीन महीने का समय लगा।
ज्वेलरी बनाने वाले ब्रांड के अनुसार, इस तरह का रूबी रत्न लाखों में एक मिलता है, जिसकी वजह से इसे खास बनाने में काफी मेहनत की गई।
256 घंटे में तैयार हुई अंगूठी
इस रिंग को तैयार करने की प्रक्रिया भी काफी खास रही। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके शुरुआती डिजाइन से लेकर फाइनल टच तक इसे बनाने में करीब 256 घंटे लगे। वहीं, इसे तैयार करने में 131 कुशल कारीगरों ने अपनी कला का इस्तेमाल किया।
अंगूठी में रूबी को गोल्ड में सेट किया गया है और इसे डायमंड्स से सजाया गया है। रूबी का गहरा लाल रंग इस रिंग को और भी आकर्षक और शाही लुक देता है।
आमिर और गौरी की लव स्टोरी
आमिर खान और गौरी स्प्रैट एक-दूसरे को काफी लंबे समय से जानते हैं। दोनों के बीच करीब 25 साल पुरानी दोस्ती और रिश्ता बताया जाता है। दोनों की उम्र में लगभग 14 साल का अंतर है। आमिर खान जहां 61 साल के हैं, वहीं गौरी स्प्रैट 47 साल की हैं।
आमिर ने अपने 61वें जन्मदिन के मौके पर गौरी के साथ अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। इसके बाद दोनों ने रजिस्टर्ड मैरिज कर अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप दे दिया।
कौन हैं गौरी स्प्रैट?
गौरी स्प्रैट एक एंटरप्रेन्योर हैं और ब्यूटी व सैलून इंडस्ट्री से जुड़ी हुई हैं। इसके अलावा वह लंबे समय से आमिर खान की फिल्म प्रोडक्शन कंपनी के साथ भी काम कर चुकी हैं।