नाना पाटेकर के निधन पर तनुश्री दत्ता की पहली प्रतिक्रिया, बोलीं- ‘यह बहुत अजीब दिन है’

नाना पाटेकर के निधन की खबर के बाद तनुश्री दत्ता का पहला रिएक्शन सामने आया है। एयरपोर्ट से वीडियो जारी कर उन्होंने कहा कि वह फिलहाल अपने काम पर ध्यान देना चाहती हैं और शाम तक इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देंगी।

Knews Desk – अपनी बेमिसाल एक्टिंग और बुलंद आवाज से अलग पहचान बनाने वाले दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर अब हमारे बीच नहीं रहे। 75 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। थिएटर से अपने सफर की शुरुआत करने वाले नाना पाटेकर ने बिना किसी गॉडफादर के फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई। हालांकि, उनका करियर विवादों से भी अछूता नहीं रहा।

साल 2018 में #MeToo आंदोलन के दौरान अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर पर गंभीर आरोप लगाए थे। इस मामले ने काफी तूल पकड़ा था। अब नाना पाटेकर के निधन की खबर के बाद तनुश्री दत्ता की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है।

तनुश्री दत्ता ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर कुछ वीडियो शेयर किए हैं। वीडियो में वह एयरपोर्ट पर नजर आ रही हैं। उन्होंने बताया कि वह एक शो के लिए लखनऊ जा रही हैं।

https://www.instagram.com/p/DIa_u7xziQb/?img_index=1

तनुश्री ने कहा, “मैंने खबर सुनी है। आज मेरा वर्किंग डे है और मैं लखनऊ में एक बहुत बड़े इवेंट के लिए जा रही हूं। आज का पूरा दिन मेरे लिए काफी जरूरी है। यह बहुत ही अजीब दिन है कि यह सब हुआ।”

उन्होंने आगे कहा कि फिलहाल वह अपने काम पर ध्यान देना चाहती हैं। शाम तक जब वह इस बारे में सोच पाएंगी कि उन्हें क्या प्रतिक्रिया देनी चाहिए, तब वह अपना रिएक्शन देंगी। तनुश्री ने नाना पाटेकर के परिवार के प्रति संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।

नाना पाटेकर और तनुश्री दत्ता से जुड़ा विवाद साल 2018 में सामने आया था। #MeToo आंदोलन के दौरान तनुश्री ने आरोप लगाया था कि साल 2008 में फिल्म ‘हॉर्न ओके प्लीज’ के एक स्पेशल डांस नंबर की शूटिंग के दौरान उनका यौन उत्पीड़न किया गया।

इस विवाद के बाद मामला काफी चर्चा में रहा और नाना पाटेकर को कई बड़ी फिल्मों से बाहर होना पड़ा था। हालांकि, नाना पाटेकर ने तनुश्री दत्ता के आरोपों से हमेशा इनकार किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *