‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ से मशहूर हुए सुनील, मुंबई में होगा आंखों का इलाज

KNEWS DESK- बहुचर्चित फिल्म ‘हनुमान अंश’ में ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान…’ गीत से चर्चा में आए दृष्टिबाधित बुंदेली लोक गायक सुनील लोधी ने अपनी ठेठ ग्रामीण गायकी से देशभर में पहचान बनाई है। उनकी आवाज और बुंदेली लोक शैली को लोगों ने खूब पसंद किया। अब उनकी इसी पहचान ने उनकी आंखों में रोशनी लौटने की उम्मीद भी जगा दी है।

फिल्म ‘हनुमान अंश’ की निर्माता अनुप्रिया नागर सुनील लोधी के इलाज के लिए आगे आई हैं। उन्होंने सुनील के लिए मुंबई के एक नेत्र रोग विशेषज्ञ से अपाइंटमेंट लिया है। सुनील के मुंबई पहुंचने के बाद विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी आंखों की जांच करेंगे। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उनकी दृष्टि में सुधार की कितनी संभावना है और उनके लिए कौन-कौन से उपचार विकल्प उपलब्ध हैं।

मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहने वाले सुनील लोधी बचपन से ही दृष्टिबाधित हैं। इसके बावजूद उन्होंने अपनी कमजोरी को कभी अपनी गायकी के आड़े नहीं आने दिया। उन्होंने बुंदेली लोक गायकी को अपनी पहचान बनाया और अपनी खास शैली के जरिए लोगों के बीच जगह बनाई।

नीम करौरी बाबा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ में सुनील की आवाज में गाया गया भजन इन दिनों काफी लोकप्रिय हो रहा है। गीत में उनकी ठेठ बुंदेली शैली और ग्रामीण सुरों ने श्रोताओं का ध्यान आकर्षित किया है। फिल्म के जरिए उनकी आवाज देशभर तक पहुंची और उन्हें नई पहचान मिली।

सुनील को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मदद का भरोसा दे चुके हैं। पिछली मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने उनके इलाज में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही थी। अब मुंबई के विशेषज्ञ डॉक्टर से होने वाली जांच के बाद उनकी आंखों के इलाज को लेकर आगे की दिशा तय होगी।

सुनील की कहानी इस बात की मिसाल है कि शारीरिक चुनौती के बावजूद प्रतिभा और मेहनत के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई जा सकती है। अब उनके प्रशंसकों और परिवार को उम्मीद है कि विशेषज्ञों की जांच के बाद उनकी दृष्टि को लेकर कोई सकारात्मक उपचार विकल्प सामने आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *