अमिताभ बच्चन के ‘जलसा’ बंगले पर भाभी रमोला बच्चन ने उठाए सवाल, 1993 की डीड को चुनौती

बॉलीवुड एक्टर अमिताभ बच्चन का जुहू स्थित बंगला ‘जलसा’ परिवार के संपत्ति विवाद के केंद्र में आ गया है। अमिताभ के छोटे भाई अजिताभ बच्चन की पत्नी रमोला बच्चन ने 1993 की उस गिफ्ट डीड को चुनौती दी है, जिसके जरिए संपत्ति का मालिकाना हक जया बच्चन के नाम ट्रांसफर किया गया था। रमोला का दावा है कि यह लेन-देन उनकी जानकारी या सहमति के बिना हुआ था।

Knews Desk – रमोला बच्चन ने पिछले सात महीनों में पंजीकरण अधिकारियों के पास कई शिकायतें दर्ज कराई हैं। मामला अब अंधेरी स्थित डिप्टी रजिस्ट्रार ऑफ कोऑपरेटिव सोसाइटीज के कार्यालय तक पहुंच गया है, जहां इसकी सुनवाई शुरू हो चुकी है। संबंधित पक्षों से अपना जवाब दाखिल करने के लिए कहा गया है।

रमोला का दावा है कि गिफ्ट डीड के जरिए जया बच्चन के नाम मालिकाना हक ट्रांसफर किए जाने से पहले यह संपत्ति मूल रूप से उनके नाम पर रजिस्टर्ड थी। वहीं ‘कपोल हाउसिंग सोसाइटी’ के रिकॉर्ड में जया बच्चन को मालिक बताया गया है, जबकि महाराष्ट्र सरकार के प्रॉपर्टी कार्ड में अभी भी रमोला का नाम दर्ज है।

रमोला ने 1993 में तैयार की गई गिफ्ट डीड पर भी सवाल उठाए हैं। उनकी शिकायत के मुताबिक, उस समय यह दस्तावेज बिना स्टाम्प ड्यूटी चुकाए सादे कागज पर तैयार किया गया था और उस पर गवाहों के हस्ताक्षर भी नहीं थे। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार की ‘अभय योजना’ के तहत बाद में इस दस्तावेज के पंजीकरण और उसे नियमित किए जाने पर भी सवाल उठाए हैं।

डिप्टी रजिस्ट्रार फैयाज मुलानी ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है और बताया है कि मामले की सुनवाई शुरू हो गई है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक विवादित दस्तावेज और दोनों पक्षों के मालिकाना हक से जुड़े दावों की वैधता तय नहीं की है।

इस मामले पर अमिताभ बच्चन की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जया बच्चन से भी संपर्क नहीं हो सका, जबकि अभिषेक बच्चन के प्रवक्ता ने टिप्पणी करने से इनकार करते हुए इसे परिवार का आंतरिक मामला बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *