हरियाणवी सिंगर दिलेर खरकिया की कार पर फायरिंग, लॉरेंस गैंग से जुड़े गैंगस्टर ने ली जिम्मेदारी

Knews Desk – हरियाणा के मशहूर सिंगर दिलेर खरकिया यूथ के बीच काफी लोकप्रिय हैं। उनकी रेंज रोवर कार पर पार्किंग में खड़ी होने के दौरान अचानक फायरिंग की गई। घटना के समय दिलेर खरकिया वहां मौजूद नहीं थे, जिसके चलते उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ। फिलहाल वह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आया, जिसमें हिमांशु सोनीपत ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। पोस्ट में अनिल पंडित, हरमन संधु और हरि बॉक्सर का भी नाम लिया गया है।

सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया कि अनिल पंडित ने दिलेर खरकिया को पहले फोन कर कथित तौर पर समझाने की कोशिश की थी। पोस्ट में यह भी धमकी दी गई कि अगर बात नहीं मानी गई तो अगली बार गोली कार पर नहीं, बल्कि सीधे सिंगर पर चलाई जाएगी। हालांकि, इस पोस्ट की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

घटना के बाद दिलेर खरकिया की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस की ओर से भी मामले की जांच और आरोपियों की पहचान को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम इससे पहले भी कई चर्चित धमकी और आपराधिक मामलों में सामने आता रहा है। बॉलीवुड से जुड़े कई सितारों को भी कथित तौर पर इस गैंग की ओर से धमकियां मिलने की खबरें सामने आई हैं। इनमें सलमान खान का मामला सबसे चर्चित रहा है।