KNEWS DESK – दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी की तबीयत खराब हो गई है। अभिनेत्री ने खुद सोशल मीडिया के जरिए बताया है कि उन्हें स्वाइन फ्लू (H1N1) हो गया है। डॉक्टरों ने उन्हें अगले पांच दिनों तक पूरी तरह बेड रेस्ट और आइसोलेशन में रहने की सलाह दी है। इसी वजह से वह अपने सभी सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखेंगी।
शबाना आजमी हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के समर्थन में आयोजित एक विरोध प्रदर्शन में शामिल हुई थीं। सामाजिक मुद्दों पर बेबाक राय रखने वाली अभिनेत्री लगातार छात्रों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद कर रही हैं। हालांकि अब खराब स्वास्थ्य के कारण वह मुंबई में होने वाले अगले प्रदर्शन में शामिल नहीं हो सकेंगी।
सोशल मीडिया पर दी स्वास्थ्य की जानकारी
शबाना आजमी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए अपनी बीमारी की जानकारी दी। उन्होंने प्रदर्शन की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि उन्हें H1N1 संक्रमण हो गया है और डॉक्टरों ने पांच दिनों तक आइसोलेशन में रहने की सलाह दी है।
उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि वह मुंबई में प्रदर्शन में शामिल होने वाली थीं, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से ऐसा नहीं हो पाएगा। हालांकि उन्होंने कहा कि उनका समर्थन पहले की तरह प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ बना रहेगा।
युवाओं के साहस की की सराहना
अपने पोस्ट में शबाना आजमी ने लिखा कि उन्हें प्रदर्शन में शामिल युवाओं से लगातार जानकारी मिल रही है। उनके मुताबिक, कई युवा पहली बार किसी आंदोलन का हिस्सा बने हैं और उन्होंने अपनी आवाज की ताकत को महसूस किया है।
अभिनेत्री ने कहा कि युवाओं का साहस और संकल्प उन्हें लगातार प्रेरित करता है और वह पूरी तरह उनके साथ खड़ी हैं।
अपने संदेश के साथ शबाना आजमी ने अपने पिता और मशहूर शायर कैफी आजमी की युवाओं को समर्पित कविता ‘नौजवान’ भी साझा की। उन्होंने इस कविता के जरिए प्रदर्शन कर रहे युवाओं के प्रति अपना समर्थन और विश्वास जताया।
शबाना आजमी की तबीयत खराब होने की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसक और शुभचिंतक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। कई लोगों ने उनके पोस्ट पर कमेंट कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की दुआ की है। फिलहाल अभिनेत्री डॉक्टरों की निगरानी में आराम कर रही हैं और पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही सार्वजनिक कार्यक्रमों में लौटेंगी।