59 हजार की चप्पल, 12 हजार की शर्ट… कितने में तैयार हुआ सलमान खान का ये लुक?

Knews Desk – सलमान खान जब भी किसी नए अंदाज में नजर आते हैं, उनका लुक सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन जाता है। हाल ही में अभिनेता अंबानी परिवार की गणेश पूजा में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने नीले रंग की लाइन वाली शर्ट, जींस और सिर पर बंडाना पहन रखा था। सलमान का यह सिंपल लुक फैंस को काफी पसंद आया और उनकी तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।

भले ही सलमान का लुक देखने में साधारण लग रहा हो, लेकिन उनके कपड़ों और एक्सेसरीज की कीमत काफी ज्यादा है। सेलिब्रिटी अपडेट्स से जुड़े इंस्टाग्राम हैंडल Filmdom.in के मुताबिक, सलमान के इस लुक की कुल कीमत करीब 34 लाख 7 हजार रुपये है।

रिपोर्ट के अनुसार, सलमान ने राल्फ लॉरेन की लिनेन शर्ट पहनी थी, जिसकी कीमत करीब 12,500 रुपये बताई गई है। वहीं उनकी जींस डीजल ब्रांड की थी और इसकी कीमत लगभग 24 हजार रुपये है।

अभिनेता ने पैरों में वैलेंटिनो गरावानी ब्रांड की चप्पल पहनी थी। इस चप्पल की कीमत करीब 59 हजार रुपये बताई जा रही है। उनके सिर पर बंधे बंडाना की कीमत लगभग 1,500 रुपये थी। इसके अलावा सलमान ने गले में करीब 45 हजार रुपये की चेन और हाथ में 65 हजार रुपये का ब्रेसलेट पहना हुआ था।

सलमान के इस लुक में सबसे महंगी चीज उनकी घड़ी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेता ने ऑडमर्स पिगेट ब्रांड की घड़ी पहनी थी, जिसकी कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह घड़ी, कपड़े, चप्पल और बाकी एक्सेसरीज को मिलाकर उनका पूरा लुक करीब 34 लाख 7 हजार रुपये का बैठता है।

वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान के फैंस उनकी फिल्म ‘मातृभूमि’ का इंतजार कर रहे हैं। माना जा रहा है कि यह फिल्म इसी साल रिलीज हो सकती है, हालांकि इसकी रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान अभी नहीं हुआ है। इसके अलावा अभिनेता अगले साल ईद पर एक एक्शन-ड्रामा फिल्म में नजर आ सकते हैं। फिल्म का नाम ‘मॉन्स्टर’ बताया जा रहा है, जिसमें उनके साथ नयनतारा दिखाई देंगी। फिल्म का निर्देशन वामशी पेडिपल्ली कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *