knews desk – सलमान खान दिसंबर में अपने फैंस को दो बड़े तोहफे देने की तैयारी में हैं। पहला तोहफा उनकी लंबे समय से अटकी फिल्म ‘मातृभूमि’ होगी, जो 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। वहीं दूसरा सरप्राइज उनकी अपकमिंग फिल्म ‘मॉन्स्टर’ से जुड़ा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान के 61वें जन्मदिन पर फिल्म का टीजर जारी किया जा सकता है।
4 दिसंबर को रिलीज होगी ‘मातृभूमि’
सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ पहले इसी साल अप्रैल में रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसकी रिलीज टाल दी गई। अब यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। सलमान खान ने 10 नवंबर को फिल्म का ट्रेलर जारी किया था, जिसके साथ ही फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान किया गया। लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे सलमान के फैंस अब इसकी रिलीज को लेकर काफी एक्साइटेड हैं।
बर्थडे पर मिल सकता है ‘मॉन्स्टर’ का टीजर
‘मातृभूमि’ की रिलीज के करीब 23 दिन बाद सलमान खान के फैंस को उनकी अगली फिल्म ‘मॉन्स्टर’ की पहली झलक भी देखने को मिल सकती है। यह फिल्म 2027 में रिलीज होगी और इसमें सलमान खान के साथ नयनतारा समेत कई बड़े सितारे नजर आएंगे।
पिंकविला की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 27 दिसंबर को सलमान खान के 61वें जन्मदिन के मौके पर ‘मॉन्स्टर’ का टीजर जारी किया जा सकता है। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुणे में चल रही है फिल्म की शूटिंग
सलमान खान पिछले कुछ महीनों से ‘मॉन्स्टर’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल फिल्म की शूटिंग पुणे में चल रही है। 15 नवंबर से शुरू हुआ यह शूटिंग शेड्यूल करीब 10 दिनों का बताया जा रहा है। इस शेड्यूल में सलमान खान के साथ सीमा बिस्वास भी शामिल हैं।
खास बात यह है कि मेकर्स ने अभी तक फिल्म के टाइटल का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। रिपोर्ट्स में इसे ‘मॉन्स्टर’ नाम से बताया जा रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि अगर 27 दिसंबर को टीजर जारी होता है, तो इसी के साथ फिल्म के आधिकारिक टाइटल की घोषणा भी की जा सकती है।
‘मॉन्स्टर’ को दिल राजू प्रोड्यूस कर रहे हैं और फिल्म का निर्देशन वामशी पेडिपल्ली कर रहे हैं। फिल्म 2027 में ईद के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने की उम्मीद है। यानी दिसंबर में ‘मातृभूमि’ की रिलीज के बाद सलमान खान के जन्मदिन पर ‘मॉन्स्टर’ का टीजर उनके फैंस के लिए दूसरा बड़ा सरप्राइज बन सकता है।