सलमान खान की एक पुरानी सलाह को अभिनेता अक्षय ओबेरॉय ने करीब 16 साल बाद याद किया है। अक्षय ने बताया कि साल 2010 में अपनी डेब्यू फिल्म ‘इसी लाइफ में’ के प्रमोशन के दौरान वह सलमान खान के टीवी शो ‘10 का दम’ में पहुंचे थे। इसी दौरान सलमान ने उनसे कहा था कि उनकी फिल्म नहीं चलेगी और उन्हें टीवी या कुछ और करने की सलाह दी थी।
Knews Desk – अक्षय ओबेरॉय ने अमित भाटिया को दिए एक इंटरव्यू में उस घटना को याद करते हुए बताया कि वह ‘10 का दम’ में फिल्म प्रमोट करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि सलमान खान जैसे बड़े स्टार के शो पर जाने को लेकर वह काफी एक्साइटेड थे और उन्हें लग रहा था कि उनकी फिल्म को काफी फायदा मिलेगा।
अक्षय के मुताबिक, शो से बाहर आने के बाद बातचीत के दौरान सलमान ने उनसे खुले तौर पर कहा था कि उनकी फिल्म नहीं चलने वाली है। सलमान ने उन्हें टीवी करने, कुछ और काम करने, पैसे कमाने, सर्वाइव करने और अपना घर बनाने की सलाह दी थी।
अक्षय ने कहा कि उस समय उन्हें सलमान की बात समझ नहीं आई थी। हालांकि, बाद में फिल्म रिलीज हुई और वह बॉक्स ऑफिस पर नहीं चल पाई। अक्षय ने माना कि सलमान की सलाह बिल्कुल सही थी और फिल्म के फ्लॉप होने के बाद उनका संघर्ष शुरू हो गया था।
बॉक्स ऑफिस इंडिया के अनुसार, ‘इसी लाइफ में’ का बजट करीब 8.5 करोड़ रुपये था, जबकि फिल्म ने दुनियाभर में करीब 1.39 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था।
शाहरुख खान की ‘किंग’ में नजर आएंगे अक्षय
अक्षय ओबेरॉय ने अपने करियर में ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’, ‘पीकू’, ‘फितूर’ और ‘फाइटर’ जैसी फिल्मों में काम किया है। वह यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ का भी हिस्सा रहे हैं।
अब अक्षय ओबेरॉय शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन ‘फाइटर’ के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। अक्षय फिल्म में छोटे रोल में दिखाई देंगे, लेकिन उन्होंने इस बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने को अपने लिए बड़ी बात बताया है। ‘किंग’ इसी साल 24 दिसंबर को रिलीज होने वाली है।