पहली बार पर्दे पर साथ आएंगे सैफ अली खान-कियारा आडवाणी, इस फिल्म में करेंगे रोमांस!

KNEWS DESK – बॉलीवुड के दो चर्चित सितारे सैफ अली खान और कियारा आडवाणी पहली बार किसी फिल्म में स्क्रीन शेयर करने के लिए तैयार हैं। दोनों की जोड़ी एक अनटाइटल्ड फिल्म में नजर आएगी, जिसे स्क्रीनराइटर कनिका ढिल्लों डायरेक्ट करने वाली हैं।

खास बात यह है कि यह फिल्म कनिका ढिल्लों का बतौर निर्देशक डेब्यू भी होगी। फिलहाल प्रोजेक्ट स्क्रिप्टिंग स्टेज में है और मेकर्स इसकी कहानी पर काम कर रहे हैं।

इंटेंस थ्रिलर होगी फिल्म

पिंकविला की रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से बताया गया है कि सैफ और कियारा की यह फिल्म एक इंटेंस थ्रिलर होगी, जिसमें सुपरनैचुरल एलिमेंट भी देखने को मिलेगा।

रिपोर्ट के मुताबिक, कहानी और किरदारों को सैफ अली खान और कियारा आडवाणी को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। कनिका ढिल्लों, एक्सेल एंटरटेनमेंट और उनकी राइटिंग टीम इस प्रोजेक्ट पर लंबे समय से काम कर रही है।

फिलहाल फिल्म के टाइटल और कहानी से जुड़ी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।

2026 में शुरू हो सकती है शूटिंग

बताया जा रहा है कि फिल्म अभी शुरुआती चरण में है, लेकिन मेकर्स इसे जल्द फ्लोर पर ले जाने की तैयारी में हैं। अगर सब कुछ प्लान के मुताबिक रहा तो 2026 में ही फिल्म की शूटिंग शुरू हो सकती है।

फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया गया है। इसी तरह बाकी स्टारकास्ट और शूटिंग लोकेशन को लेकर भी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

कनिका ढिल्लों का होगा डायरेक्टोरियल डेब्यू

कनिका ढिल्लों बॉलीवुड की चर्चित स्क्रीनराइटर्स में से एक हैं। उन्होंने ‘मनमर्जियां’, ‘केदारनाथ’, ‘जजमेंटल है क्या’, ‘हसीन दिलरुबा’, ‘रश्मि रॉकेट’, ‘रक्षा बंधन’ और ‘डंकी’ जैसी फिल्मों के लिए लेखन किया है।

इसके अलावा वह अपने प्रोडक्शन बैनर के तहत ‘दो पत्ती’, ‘हसीन दिलरुबा’ और ‘फिर आई हसीन दिलरुबा’ जैसी फिल्मों को प्रोड्यूस भी कर चुकी हैं।

अब सैफ और कियारा की फिल्म के साथ वह पहली बार निर्देशन की कमान संभालेंगी।

सैफ और कियारा अपने-अपने प्रोजेक्ट्स में बिजी

सैफ अली खान इन दिनों अपनी अगली फिल्म ‘हैवान’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में वह अक्षय कुमार के साथ नजर आएंगे और इसकी रिलीज 11 सितंबर को प्रस्तावित है।

वहीं, कियारा आडवाणी जल्द ही यश के साथ फिल्म ‘टॉक्सिक’ में दिखाई देंगी। फिल्म में हुमा कुरैशी, नयनतारा, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया भी अहम भूमिकाओं में हैं। ‘टॉक्सिक’ 26 अगस्त को रिलीज होने वाली है।

अब पहली बार सैफ और कियारा की जोड़ी को एक सुपरनैचुरल थ्रिलर में देखना दर्शकों के लिए कितना दिलचस्प होगा, इसका इंतजार रहेगा।