KNEWS DESK – बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान और फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लिगेसी’ के बीच चल रहा विवाद अब कानूनी मोड़ ले चुका है। अभिनेता द्वारा दाखिल याचिका पर सुनवाई करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने फिल्म निर्माताओं को नोटिस जारी किया है और मामले की अगली सुनवाई 19 जून को तय की है।
सलमान खान ने अदालत में दायर अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि फिल्म में उनकी पहचान, छवि और सार्वजनिक व्यक्तित्व का बिना अनुमति इस्तेमाल किया गया है। अभिनेता का दावा है कि फिल्म के प्रचार सामग्री और ट्रेलर में एक ऐसे किरदार को दिखाया गया है, जिसकी शैली, पहनावा और व्यक्तित्व उनसे काफी मिलता-जुलता है।
सुनवाई के दौरान सलमान खान की ओर से पेश वकील ने अदालत को बताया कि फिल्म के पोस्टर और ट्रेलर में दिखाए गए कुछ दृश्य अभिनेता की सार्वजनिक छवि से जुड़े प्रतीकों का इस्तेमाल करते हैं। उनका कहना था कि इससे दर्शकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है और यह पर्सनालिटी राइट्स का उल्लंघन है।
याचिका में यह भी कहा गया है कि फिल्म की कहानी कथित तौर पर उन घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है, जो अतीत में सलमान खान के नाम से जुड़ी रही हैं। अभिनेता का पक्ष है कि इस तरह का चित्रण तथ्यों को गलत तरीके से पेश कर सकता है और उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा सकता है।
दिल्ली हाईकोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फिल्म निर्माताओं से जवाब मांगा है। अब 19 जून को होने वाली अगली सुनवाई में यह स्पष्ट होगा कि अदालत फिल्म की रिलीज और उसके प्रचार-प्रसार को लेकर क्या रुख अपनाती है।
फिलहाल यह मामला फिल्म इंडस्ट्री में पर्सनालिटी राइट्स और सेलिब्रिटी इमेज के इस्तेमाल को लेकर नई बहस छेड़ता नजर आ रहा है।