एमएस सुब्बुलक्ष्मी की बायोपिक में रश्मिका मंदाना की एंट्री! फैंस हुए एक्साइटेड

KNEWS DESK – भारतीय संगीत जगत की महान हस्ती और भारत रत्न से सम्मानित एमएस सुब्बुलक्ष्मी की जिंदगी अब बड़े पर्दे पर दिखाई जा सकती है। उनकी बायोपिक को लेकर लंबे समय से चर्चाएं चल रही हैं और अब फिल्म की लीड एक्ट्रेस को लेकर नया अपडेट सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिका निभाती नजर आ सकती हैं।

शुरुआती दौर में इस फिल्म के लिए साई पल्लवी और रुक्मिणी वसंत जैसे नामों की चर्चा थी, लेकिन अब खबरें हैं कि मेकर्स ने रश्मिका मंदाना को इस किरदार के लिए लगभग फाइनल कर लिया है। बताया जा रहा है कि फिल्म से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण लुक टेस्ट भी पूरे किए जा चुके हैं। हालांकि, फिल्म निर्माताओं की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

एमएस सुब्बुलक्ष्मी भारतीय शास्त्रीय संगीत की ऐसी हस्ती थीं, जिनकी पहचान सिर्फ देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर में थी। उन्हें भारतीय संगीत को वैश्विक मंच तक पहुंचाने का श्रेय दिया जाता है। यही वजह है कि उनकी जीवन यात्रा को पर्दे पर उतारने की तैयारी को लेकर दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

फिल्म का निर्देशन चर्चित फिल्ममेकर गौतम तिन्नानुरी करने वाले हैं। वहीं संगीत इस बायोपिक का सबसे अहम हिस्सा माना जा रहा है। ऐसे में संगीत निर्देशन के लिए अनिरुद्ध रविचंदर का नाम भी चर्चा में है। हालांकि इस पर भी आधिकारिक मुहर लगना अभी बाकी है।

एमएस सुब्बुलक्ष्मी का जन्म 1916 में तमिलनाडु के मदुरै में हुआ था। बेहद कम उम्र से उन्होंने संगीत की शिक्षा शुरू कर दी थी और बचपन में ही अपनी प्रतिभा से लोगों को प्रभावित करना शुरू कर दिया था। उनकी गायिकी का जादू ऐसा था कि उन्हें भारतीय संगीत की सबसे प्रतिष्ठित आवाजों में गिना जाता है।

वह भारत रत्न प्राप्त करने वाली पहली महिला गायिका थीं। इसके अलावा संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रस्तुति देने वाली पहली भारतीय शास्त्रीय गायिका होने का गौरव भी उन्हें प्राप्त है। पद्म भूषण, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार समेत कई बड़े सम्मानों से सम्मानित एमएस सुब्बुलक्ष्मी आज भी भारतीय संगीत की सबसे प्रेरणादायक शख्सियतों में गिनी जाती हैं।

अब उनकी कहानी बड़े पर्दे पर कैसे दिखाई जाएगी और क्या रश्मिका मंदाना इस चुनौतीपूर्ण किरदार को निभाती हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *