KNEWS DESK – रणवीर सिंह की एक्शन फ्रेंचाइजी ‘धुरंधर’ का क्रेज अब सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहा. बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई करने के बाद अब ‘धुरंधर 2’ ओटीटी पर भी तहलका मचा रही है. खास बात ये है कि जिस फिल्म को लेकर पाकिस्तान में सबसे ज्यादा विवाद हुआ, वहीं अब ये फिल्म वहां नंबर-1 पर ट्रेंड कर रही है. सोशल मीडिया पर इसे लेकर जमकर चर्चा हो रही है और फैंस लगातार फिल्म की तारीफ कर रहे हैं.

‘धुरंधर 2’ ने सिनेमाघरों में रिलीज के दौरान जबरदस्त प्रदर्शन किया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने दुनियाभर में 1750 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया. वहीं इसके पहले पार्ट ने भी करीब 1300 करोड़ रुपये की कमाई की थी. दोनों फिल्मों को मिलाकर फ्रेंचाइजी ने 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस कर लिया है, जो इसे सबसे सफल एक्शन फ्रेंचाइजी फिल्मों में शामिल करता है.
हालांकि फिल्म को पाकिस्तान में बैन कर दिया गया था. आरोप लगाया गया था कि फिल्म में कई चीजों को गलत तरीके से दिखाया गया है. लेकिन विवादों के बावजूद फिल्म को लेकर लोगों की दिलचस्पी कम नहीं हुई. पहले लोग इसकी पायरेटेड कॉपी देखकर चर्चा कर रहे थे और अब नेटफ्लिक्स पर रिलीज होते ही फिल्म ने वहां नया रिकॉर्ड बना दिया है.
हाल ही में पाकिस्तानी कंटेंट क्रिएटर माविया उमर फारूकी ने एक वीडियो शेयर कर दावा किया कि ‘धुरंधर 2’ पाकिस्तान में नेटफ्लिक्स पर टॉप-1 ट्रेंड कर रही है. वीडियो में उन्होंने कहा कि जिस फिल्म को लोग पहले “झूठी फिल्म” बता रहे थे, अब वही फिल्म सबसे ज्यादा देखी जा रही है. उन्होंने यहां तक कहा कि पाकिस्तान में ऐसा क्रेज इससे पहले ‘मनी हाइस्ट’ और ‘स्क्विड गेम’ जैसी सीरीज के दौरान देखने को मिला था.
क्रिएटर ने बताया कि इंटरनेशनल मार्केट में नेटफ्लिक्स पर फिल्म का रॉ और अनकट वर्जन रिलीज किया गया है, जिसे देखने के लिए लोग टूट पड़े हैं. सोशल मीडिया पर भी कई यूजर्स फिल्म के एक्शन सीक्वेंस, रणवीर सिंह की परफॉर्मेंस और आदित्य धर के डायरेक्शन की तारीफ कर रहे हैं.
बताया जा रहा है कि ‘धुरंधर 1’ को भी ओटीटी रिलीज के बाद पाकिस्तान में जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था. अब ‘धुरंधर 2’ ने उस क्रेज को और बड़ा बना दिया है. ऐसे में साफ है कि रणवीर सिंह की ये फ्रेंचाइजी सिर्फ बॉक्स ऑफिस ही नहीं, बल्कि ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी नया इतिहास रच रही है.