मां की फिल्मी एंट्री पर रणदीप हुड्डा का मजेदार रिएक्शन, पोस्ट हुआ वायरल

KNEWS DESK – बॉलीवुड के दमदार अभिनेता रणदीप हुड्डा एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं बल्कि उनकी मां आशा हुड्डा हैं। जी हां, रणदीप हुड्डा की मां ने अब फिल्मी दुनिया में कदम रख लिया है और उनका ये नया सफर सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है।

दरअसल, आशा हुड्डा अपनी पहली हरियाणवी फिल्म ‘सांगी’ में नजर आने वाली हैं, जिसमें वह दादी का किरदार निभा रही हैं। इस खास मौके पर रणदीप हुड्डा ने अपने सोशल मीडिया पर एक मजेदार पोस्ट शेयर करते हुए अपनी मां को सपोर्ट किया। उन्होंने हरियाणवी अंदाज में लिखा—“जिब मां के रोल का टेम था, टेम ना मिल्या, तै ईब सीधा दादी का,” और साथ ही कहा कि वह अपनी मां को स्क्रीन पर देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं।

रणदीप का यह हल्का-फुल्का और मजेदार अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है। सोशल मीडिया पर उनका पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उनकी मां के डेब्यू के लिए बधाइयां दे रहे हैं।

अगर आशा हुड्डा की बात करें तो वह सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि राजनीति में भी सक्रिय रही हैं। वह भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी रही हैं और हरियाणा महिला मोर्चा की जनरल सेक्रेटरी के पद पर भी काम कर चुकी हैं। इसके अलावा वह विधानसभा चुनाव में भी अपनी दावेदारी पेश कर चुकी हैं।

अपने फिल्मी सफर के बारे में आशा हुड्डा ने बताया कि उन्हें करीब डेढ़ साल पहले हरियाणा की फिल्म क्रिएटर गीतू परी ने ‘सांगी’ के लिए अप्रोच किया था। फिल्म की शूटिंग हरियाणा के जींद और आसपास के इलाकों में चल रही है।

बता दें कि रणदीप हुड्डा ने फिल्म की शूटिंग की एक झलक अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर भी शेयर की है, जिससे फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है। मां के इस नए सफर में रणदीप का सपोर्ट और उनका मजाकिया अंदाज लोगों का दिल जीत रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *