KNEWS DESK – निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी और महंगी फिल्मों में से एक मानी जा रही है। इस मेगा प्रोजेक्ट को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे, जबकि साई पल्लवी और यश भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
इस फिल्म को दो भागों में रिलीज करने की योजना है। पहला पार्ट दीवाली 2026 पर सिनेमाघरों में आने वाला है। हाल ही में मेकर्स ने फिल्म के पहले तीन मिनट का एक शानदार टीजर भी जारी किया था, जिसने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी। हालांकि, अब फिल्म से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है।
राम नवमी पर होने वाला इवेंट टला
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स 26 मार्च 2026 (राम नवमी) के मौके पर फिल्म ‘रामायण: पार्ट वन’ का एक भव्य शोकेस इवेंट आयोजित करने वाले थे। इस इवेंट में फिल्म के मुख्य कलाकारों के लुक को पहली बार आधिकारिक तौर पर पेश किया जाना था।
इसके लिए मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया को वेन्यू के तौर पर चुना गया था और मेहमानों को निमंत्रण भी भेज दिए गए थे। लेकिन अब खबर है कि इस ग्रैंड इवेंट को फिलहाल पोस्टपोन कर दिया गया है।
ग्लोबल टेंशन बनी वजह
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते संघर्ष और उससे पैदा हुई वैश्विक तनाव की स्थिति को देखते हुए मेकर्स ने यह फैसला लिया है। प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा और फिल्म की टीम का मानना है कि इस तरह के बड़े इंटरनेशनल प्रोजेक्ट के प्रमोशनल लॉन्च के लिए सही माहौल होना जरूरी है।
दो महीने बाद होगा लॉन्च
बताया जा रहा है कि अब यह ग्रैंड इवेंट मार्च की बजाय मई 2026 में आयोजित किया जा सकता है। मेकर्स इस फिल्म को सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने की योजना बना रहे हैं, इसलिए वे प्रमोशन को भी उसी स्तर पर करना चाहते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, फिल्म की टीम लॉन्च को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहती। मेकर्स चाहते हैं कि जब भी फिल्म का अगला बड़ा प्रमोशनल मटेरियल सामने आए, वह पूरे दुनिया का ध्यान खींचने वाला हो।